ताइवान से साउथ कोरिया पहुंचीं नैंसी पेलोसी, 27 चीनी लड़ाकू विमान ताइवान के हवाई क्षेत्र में घुसे

ताइवान यात्रा समाप्त करने के बाद अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी दक्षिण कोरिया पहुंच गईं। बता दें कि पेलोसी मंगलवार देर रात ताइवान पहुंची थीं। पेलोसी के पहुंचते ही चीन आगबबूला हो गया और ताइवान पर कई प्रतिबंध लगा दिए। इतना ही नहीं चीनी सेना ने 21 सैन्य विमानों से ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में उड़ान भरकर अपनी ताकत दिखाई। ताइवान से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
ताइवान के विदेश मंत्रालय ने जताया आभार
ताइवानी मंत्रालय ने कहा कि हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी के नेतृत्व में अमेरिकी कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत करता है। यह 25 साल में यूएस हाउस स्पीकर की पहली यात्रा है। इससे ताइवान-अमेरिका संबंधों के लिए उच्च-स्तरीय समर्थन और इसके व्यापक दायरे का पता चलता है। इससे हमारा द्विपक्षीय सहयोग और मजबूत होगा। ताइवान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, स्पीकर पेलोसी के पहले एशियाई दौरे के कार्यक्रम में ताइवान को शामिल करना पूरी तरह से उस उच्च सम्मान को दिखाता है। स्पीकर पेलोसी और कांग्रेस के अन्य प्रमुख सदस्यों की यात्रा ताइवान और अमेरिका के बीच घनिष्ठ और सौहार्दपूर्ण संबंधों को बढ़ाएगी और दोनों देशों के बीच व्यापक क्षेत्रों में वैश्विक सहयोग को और गहरा करेगी।
27 चीनी लड़ाकू विमान ताइवान के हवाई क्षेत्र में पहुंचे
पेलोसी के रवाना होने के थोड़ी ही देर बाद 27 चीनी लड़ाकू विमान ताइवान के हवाई क्षेत्र में पहुंचे। पेलोसी के दौरे के एलान के बाद से ही चीन लगातार अमेरिका और ताइवान को धमकाता रहा है।