एसटीएफ व मुंबई पुलिस ने लूट व चोरी के आरोपित दो भाइयों को किया गिरफ्तार

in #arrest2 years ago

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर: एसटीएफ व मुंबई पुलिस की टीम ने महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश में लूट, चोरी, छिनैती, मारपीट समेत कई अन्य मामलों में आरोपित दो भाइयों को शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के उनके धनौरा मुस्तहकम गांव से गिरफ्तार किया है। महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश की पुलिस दोनों को काफी समय से तलाश कर रही थी। दोनों भाइयों खुर्शीद व अशरफ पुत्र हामिद शेख के विरुद्ध महाराष्ट्र में चार और मध्य प्रदेश में एक मुकदमा दर्ज है। उनके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन मिले हैं। मुंबई पुलिस के उपनिरीक्षक विकास निकम व उनकी टीम मंगलवार की सुबह एसटीएफ कार्यालय गोरखपुर पहुंची। वहां से एसटीएफ प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह को साथ लिया और शोहरतगढ़ पहुंचकर थाना प्रभारी जय प्रकाश दुबे के साथ आरोपितों के घर देर रात छापा मारा। दोनों भाई घर पर मिल गए। सीओ शोहरतगढ़ राणा महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुंबई पुलिस व गोरखपुर की एसटीएफ टीम दोनों को गिरफ्तार करने आई थी। मुंबई पुलिस दोनों को साथ लेकर रात में ही रवाना हो गई। मुंबई पुलिस के अनुसार, दोनों पर महाराष्ट्र के पड़गा थाणे, गणेशपुरी थाने में लूट और मध्य प्रदेश के सेधवा थाने में चोरी व अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। सभी मामले 2016 से 2021 के बीच के हैं। इसके अलावा 2021 में महाराष्ट्र के कोनगांव थाने में मारपीट का भी मुकदमा पंजीकृत है।

IMG_20220811_064910.jpg