खाद्य मंत्री के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा रैली

in #anuppur2 years ago

Screenshot_20220813-200739-029.png

आजादी के अमृत महोत्सव में जिले भर में हर घर तिरंगा जागरूकता के व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज जागरूकता रैली निकाली गई। इस तिरंगा यात्रा में मध्य प्रदेश शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह भी उपस्थित रहे।

तिरंगा जागरूकता रैली जिला पंचायत कार्यालय के सामने से प्रारंभ होकर सामतपुर हनुमान मंदिर होते हुए नगरपालिका अनूपपुर में समाप्त हुई। तिरंगा रैली में खाद्य मंत्री के साथ कलेक्टर सोनिया मीणा व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजन सिंह रावत मौजूद रहे।

तिरंगा रथ यात्रा के भ्रमण के दौरान हाथों में तिरंगा ध्वज लिए और फूल मालाओं से रथ में विराजमान भारत माता के तस्वीर के समक्ष पुष्प अर्पण कर लोग देशभक्ति से लबरेज नजर आए। तिरंगा हमारी शान है, भारत का अभिमान है। तिरंगा का मान, भारत का सम्मान। भारत माता की जय के गगनभेदी नारे लगाए गए। यात्रा के दौरान सभी धर्मों के लोगों ने सहभागिता निभाई।

यह अभियान आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले उन अनगिनत शहीदों को समर्पित है, जिन्होंने देश की आजादी और देश की सुरक्षा के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

13 से 15 अगस्त तक हर घर, हर भवन में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य को प्रदर्शित करना हर नागरिक का दायित्व है। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर से हर घर तिरंगा जन जागरूकता रैली को प्रारंभ करने के पूर्व कलेक्टर सोनिया मीना ने खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह को खादी का बना झण्डा भेंट किया।