*ब्रज क्षेत्र में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने के लिए बनाया जाए हेलीपोर्ट

in #agra2 years ago

*ब्रज क्षेत्र में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने के लिए बनाया जाए हेलीपोर्ट

पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा अरिदमन सिंह ने हेलीपोर्ट, रबर चेकडैम, सिविल एन्क्लेव, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की नियुक्ति समेत आगरा की कई समस्याओं की ओर दिलाया उप मुख्यमंत्री का ध्यान

आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजा अरिदमन सिंह ताजनगरी समेत समूचे ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए सतत प्रयास करते रहते हैं। इस क्रम में उन्होंने विगत सप्ताह उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व आगरा के प्रभारी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य को आगरा आगमन पर पत्र देकर आगरा की कुछ महत्वपूर्ण समस्याओं को दूर करने एवं अधूरे निर्माण कार्यो को पूरा करने की माँग उठाई।

ये रहे प्रमुख मुद्दे..

  1. ब्रज क्षेत्र में हेलीकॉप्टर सेवा हेतु हेलीपोर्ट बनाने के लिए 19 लाख रुपए की राशि अविलंब जारी की जाए।
  2. यमुना नदी के डाउनस्ट्रीम में रबर चेक डैम के निर्माण की अनुमति नीरी से प्राप्त हो चुकी है। इसके लिए अलग से बजट स्वीकृत करवा कर तुरंत निर्माण कार्य करवाया जाए ताकि आगरा जनपद में जल शोधन के लिए प्राप्त जल उपलब्ध रहे।
  3. खेरिया एयरपोर्ट में रुके पड़े सिविल एंक्लेव के निर्माण कार्य को कानूनी अड़चनें दूर करवा कर शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
  4. डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के कार्य में नगर निगम द्वारा अधिकृत प्राइवेट कंपनी लापरवाही बरत रही है। कूड़े का समुचित संग्रह नहीं किया जा रहा। नगर निगम के अलग-अलग पॉइंट्स पर लगे कूड़ा बॉक्स में भी कूड़ा एकत्रित नहीं किया जा रहा। कूड़े को बॉक्स से बाहर निकालकर कंपनी के कर्मचारी उसको वहीं पर जला रहे हैं, जिससे प्रदूषण भी हो रहा है। अतः लापरवाही बरतने वाली कंपनी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए इस व्यवस्था को सुदृढ़ कराया जाए।
  5. आगरा जनपद के सभी 15 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक समय से नहीं पहुंचते। इससे मरीजों को असुविधा होती है। मजबूरन जनता को प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करवाने के लिए जाना पड़ता है। विशेषकर बाह विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सकों की मौजूदगी न होने के कारण मरीजों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय कर आगरा आना पड़ता है।
    बाह विधानसभा क्षेत्र में पिनाहट, बाह और जैतपुर सहित तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मात्र एक-एक चिकित्सक की ही नियुक्ति है। इन केन्द्रों पर चिकित्सकों की मौजूदगी तय मानकों के अनुसार करवाई जाए। साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ की भी उपस्थिति तय की जाए।
  6. आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 283 करोड रुपए की लागत से नगर निगम में बनाए गए एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के तहत खराब कैमरों, बंद स्ट्रीट लाइटों और बाधित ट्रैफिक सिस्टम को सुचारू और सुदृढ़ किया जाए।
Sort:  

आज अपने किसी को नही जोड़ा है कृपया लोगो को जोड़िए।