पेपर लीक मामले में उच्च शिक्षा मंत्री ने कुलपति सहित सभी अधिकारी किए तलब

in #agra2 years ago

IMG-20220514-WA0047-1024x1015.jpg

आगरा। उच्च शिक्षा मंत्री के गृह जनपद में लगातार पेपर लीक हो रहा है। इस बात को लेकर वह गंभीर हो गए हैं। कल सुबह उन्होंने कुलपति सहित अन्य सभी अधिकारियों को सर्किट हाउस में तलब किया है। बैठक में वह उनसे पेपर लीक वाले मामले में रिपोर्ट तलब करेंगे।

11 मई को आगरा कॉलेज के प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने छात्रों के मोबाइल में पेपर पकड़ा था। मामले में प्राचार्य की ओर से एफआईआर दर्ज करा दी गई है। पुलिस मामले की जांच करने में लगी हुई है। इधर आज भी बीएससी सेकंड ईयर केमिस्ट्री का पेपर लीक हो गया। मामले में विद्यार्थी परिषद ने परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव को बर्खास्त करने की मांग को लेकर देर रात तक खंदारी परिसर में हंगामा किया। प्रति कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा ने पदाधिकारियों के बीच पहुंचकर उन्हें आश्वासन दिया कि पेपर लीक मामले में विश्वविद्यालय कड़ी कार्रवाई करेगा।

इधर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय शहर में ही हैं। लगातार पेपर लीक होने के मामले को लेकर वह नाराज हो गए हैं। कल सुबह उन्होंने कुलपति सहित सभी अधिकारियों को तलब किया है। कुलपति वृंदावन दर्शन करने के बाद देर रात आगरा पहुंच गए हैं। उच्च शिक्षा मंत्री की बैठक को लेकर कुलपति से लेकर कुछ अन्य अधिकारी तनाव में नजर आ रहे हैं। उच्च शिक्षा मंत्री को वह क्या जवाब देंगे इस बात की रणनीति बनाई जा रही है। सवाल यह भी खड़े हो रहे हैं कि 9 और 10 मई को पेपर लीक हुआ था। इस बात की सूचना मिलने पर भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई कार्यवाही क्यों नहीं की? इस बात का विश्वविद्यालय प्रशासन क्या जवाब देगा। केंद्रों में धांधली को लेकर भी उच्च शिक्षा मंत्री विश्वविद्यालय के अधिकारियों से जवाब तलब कर सकते हैं।

Sort:  

बहुत अच्छा