हुनर हाट में बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर हेमा सरदेसाई और अल्ताफ़ राजा के नाम रही

in #agra2 years ago

हुनर हाट में शनिवार की शाम बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर हेमा सरदेसाई और अल्ताफ़ राजा के नाम रही। इन दोनों ने एक से बढ़कर एक शानदार गाने गाकर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। हेमा और अल्ताफ़ से पहले सिंगर अदिति खंडेगल ने बेहतरीन प्रस्तुति दी और उन्होंने भी कई अच्छे गानों के ज़रिए माहौल बनाने का काम बख़ूबी किया।

अल्ताफ़ राजा ने "इश्क़ और प्यार का मज़ा लीजिए" "जा बेवफ़ा जा" और "हम वो दीवाने हैं जो ताज़ा हवा लेते हैं" गाकर समां बांध दिया। सुरों के सफ़र का सिलसिला यहीं नहीं थमा। इसके बाद उन्होंने "आवारा हवा का झौंका हूँ" "यारों मैंने पंगा ले लिया" जब गया तो सामने बैठे हज़ारों लोग झूमने को मजबूर हो गए। अल्ताफ़ राजा ने जब "तुम तो ठहरे परदेसी साथ क्या निभाओगे" गाया तो हुनर हाट का संगीतमय माहौल बुलंदी पर पहुँच गया।

जानी-मानी बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर हेमा सरदेसाई ने भी सुरों की ऐसी बारिश की जिसमें हर कोई सराबोर हो गया। सपने फ़िल्म का उनका गाना "आवारा भँवरे जो हौले हौले गाएं" को लोगों ने बहुत पसंद किया। चक दे इंडिया का "बादल पे पाँव हैं", जोश का "अपुन बोला" और ज़ोर फ़िल्म का "मैं कुड़ी अंजानी हूँ" को गाकर हेमा सरदेसाई ने लोगों की भरपूर तालियाँ बटोरी।

हेमा सरदेसाई की गिनती बॉलीवुड की बेहतरीन सिंगर के तौर पर होती है। उन्होंने कई दिग्गज संगीतकारों के साथ तमाम बेहतरीन नगमें लोगों को दिए हैं। शनिवार को हुनर हाट में उनकी आवाज़ का जादू जमकर बिखरा। अपनी बेहद सुरीली गायकी से उन्होंने आगरा के लोगों का दिल जीत लिया। "दमादम मस्त कलंदर" "पिया तू" "चोरी चोरी" "काली तेरी चोटी है" और "बागवां" फ़िल्म का सुपरहिट गाना "चली चली फिर चली चली" के ज़रिए उन्होंने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। दर्शकों ने भी इन दोनों कलाकारों को भरपूर दाद दी और दूसरी तरफ अल्ताफ़ राजा और हेमा सरदेसाई ने भी लोगों का मनोरंजन करने में कहीं कोई कमी नहीं रखी। दोनों ने अपनी पसंद के गाने तो गाये ही, लोगों की फरमाइश का भी सम्मान करते हुए उनकी मांग पर कई शानदार गाने गाए। IMG-20220521-WA0091.jpgIMG-20220521-WA0092.jpgIMG-20220521-WA0089.jpg