दो साल बाद आगरा की सड़कों पर फिर गूंजेगा हरे रामा- हरे कृष्णा, जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारी शुरू

in #agra2 years ago (edited)

Screenshot_20220522-140637_Gallery.jpg

आगरा। भगवान जगन्नाथ रथयात्रा भारत में मनाए जाने वाले धार्मिक महामहोत्सवों में सबसे प्रमुख और महत्वपूर्ण मानी जाती है। आगरा में इस बार भव्य आयोजन की तैयारी है। भगवान श्री जगन्नाथ जी के रथ निर्माण के साथ ही एक जुलाई को निकलने वाली रथयात्रा की तैयारी शुरू हो गई है। यह जानकारी श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर, इस्काॅन आगरा में प्रबंध समिति द्वारा पत्रकार वार्ता में दी गई।

इस्काॅन आगरा के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप दास प्रभु जी ने बताया कि कोरोना काल में दो साल तक भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा नहीं निकली, लेकिन इस बार यह भव्य होगी। जगन्नाथ जी के रथ ताल ध्वज का निर्माण शुरू हो चुका है। यह चार रंगों हरा, काला, लाल और पीला के साथ ही विशेष साज-सज्जा में होगा। रथयात्रा एक जुलाई को निकलेगी।

भगवान श्रीकृष्ण जगन्नाथ जी के रूप में रथ पर उनके साथ बड़े भाई बलराम (बलभद्र या बलदेव) और बहन देवी सुभद्रा विराजमान होंगी। उनकी पूजा होगी। कहा जाता है भगवान श्रीकृष्ण के अवतार जगन्नाथ जी की रथयात्रा का पुण्य 100 यज्ञों के समान होता है। प्रबंध समिति के कांता प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि रथयात्रा के प्रारंभ को लेकर कथा मिलती है कि रथयात्रा एक ऐसा पर्व है जिसमें भगवान जगन्नाथ चलकर अपने भक्तों के बीच आते हैं और उनके दुख-सुख में सहभागी होते हैं। इसका महत्व शास्त्रों और पुराणों में भी बताया गया है। प्रबंध समिति कीं देवरूपा माता ने बताया कि स्कंद पुराण में स्पष्ट कहा गया है कि जो भी व्यक्ति रथयात्रा में शामिल होता है वह जीवन-मरण के चक्र से मुक्त होता है। वहीं जो भक्त श्रीजगन्नाथ जी का दर्शन करते हुए, प्रणाम करते हुए मार्ग के धूल-कीचड़ से होते हुए जाते हैं वे सीधे भगवान विष्णु के उत्तम धाम को जाते हैं।