कासगंज-जिले में उत्तराधिकारी के नाम खतौनी में दर्ज कराने हेतु 20 जून तक चलेगा अभियान-डीएम

in #adminstration2 years ago

कासगंज: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि राजस्व अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा भूमि विवादों के प्रभावी निस्तारण की समीक्षा करते हुये कहा कि जनपद के समस्त ग्रामों में निर्विवाद उत्तराधिकारियों के शतप्रतिशत नाम खतौनी में अनिवार्य रूप से दर्ज किये जायें। अब ऐसा कोई भी प्रकरण किसी भी दशा में लम्बित नहीं रहना चाहिये। यह अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। सम्बंधित अधिकारी, कर्मचारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समयबद्वता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इस कार्य में कोई भी शिथिलता न बरती जाये। अन्यथा उत्तरदायित्व तय करते हुये दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उ0प्र0 शासन द्वारा समस्त ग्रामों में निर्विवाद उत्तराधिकारियों के नाम खतौनी में शतप्रतिशत दर्ज करने हेतु 20 जून 2022 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके लिये समय सारिणी निर्धारित कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्विवाद वरासत दर्ज कराने हेतु प्राप्त प्रार्थना पत्रों की 07 जून 2022 तक राजस्व निरीक्षकों द्वारा जांच एवं आदेश प्रक्रिया की कार्यवाही की जायेगी। 08 जून से 14 जून तक नामांतरण आदेश दर्ज करने के बाद खतौनी की प्रविष्टियों को भूलेख साफ्टवेयर में अध्यावधिक किया जायेगा। 15 जून से 17 जून 2022 तक जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, तहसीलदार तथा उपजिलाधिकारी से इस आशय का प्रमाण पत्र लिया जायेगा कि उनके क्षेत्र के समस्त राजस्व ग्रामों में निर्विवाद उत्तराधिकार का कोई प्रकरण दर्ज होने से अवशेष नहीं है। 18 से 20 जून तक जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक तहसील के राजस्व ग्रामों को रैण्डमली चिन्हित करते हुये वरिष्ठ अधिकारियों से जांच कराई जायेगी कि कोई प्रकरण दर्ज खतौनी में दर्ज होने से छूटा तो नहीं है। तत्पश्चात जनपद की प्रगति रिपोर्ट 20 जून 2022 तक परिषद की वेबसाइट पर फीड कराई जायेगी।