Accident in jodhpur

in #accident2 years ago

जोधपुर। शहर के राइकाबाग फ्लाईओवर पर आज एक बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों से खचाखच भरी एक सिटी बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। तेज गति के साथ बेकाबू बस किसी अन्य वाहन से टकराती उससे पहले ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस के डिवाइडर से टकराते ही ब्रेक लगा दिए। बस के यकायक बेकाबू होने से यात्रियों में खलबली मच गई। कुछ यात्री जोर-जोर से चिल्लाने लग गए। डिवाइडर से बस के टकराने से सभी यात्रियों को जोर से झटका लगा, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। इससे एक बार फ्लाई ओवर पर वाहनों की कतार लग गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच रास्ता खुलवाया।
शहर में सोमवार को एक सिटी बस राइकाबाग फ्लाई ओवर से निकल रही थी। तेज रफ्तार से आगे बढ़ती बस का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। इससे बस पूरी तरह से अनियंत्रित होकर आगे बढऩे लगी। स्थिति बिगड़ती देख एक बार यात्री सहम गए। कुछ यात्री ड्राइवर पर तो कुछ मदद के लिए चिल्लाने लगे। इस बीच ड्राइवर ने संयम बनाए रखा और वह बस को नियंत्रित करने में जुटा रहा। गनीमत यह रही कि तब बस किसी अन्य वाहन से नहीं टकराई। इस बीच तेज रफ्तार के साथ बस डिवाइडर से टकरा कर आगे बढ़ती उसी समय ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिए। जोरदार झटके के साथ बस को रूकने के कारण कई सवारियां बस में एक-दूसरे के ऊपर नीचे गिर पड़ी। इस कारण उन्हें हल्की चोट अवश्य आई, लेकिन किसी के भी गंभीर चोट नहीं आई। बाद में सभी लोग नीचे उतर आए। कुछ लोग ड्राइवर से उलझ गए। ड्राइवर ने बताया कि यकायक स्टेयरिंग फेल हो गया। ऐसे में बस बेकाबू हो गई।
फ्लाई ओवर एक तरफ हुआ रास्ता बंद, लगा जाम :
बस के बेकाबू होने व यात्रियों के नीचे उतरने के दौरान फ्लाई ओवर पर एक बार रास्ता बंद हो गया। इस कारण लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच जाम खुलवाया।