दुकानें की बंद कर GST छापे के विरोध में उतरे व्यापारी।

Screenshot_2022-12-11-07-10-18-07_a71c66a550bc09ef2792e9ddf4b16f7a.jpg Wortheum news santkabirnagar:-जीएसटी टीम जिले में पांच दिनों से व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर छापा मार रही है। वहीं इस कार्रवाई का व्यापारी लगातार विरोध कर रहे हैं। शनिवार को पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल के लोग सड़क पर उतर गए और प्रदर्शन कर विरोध जताया।
व्यापारियों ने कहा कि स्टेट जीएसटी की टीम पुलिस बल के साथ व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है, जो सही नहीं है। इसके साथ ही अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शहर के एक होटल में बैठक की, जिसमें खलीलाबाद और मेंहदावल के विधायक, एडीएम और एएसपी शामिल हुए। जिसमें व्यापारियों की समस्याओं को सुना और निदान का आश्वासन दिया।
पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल के पूर्वांचल अध्यक्ष सर्वदानंद पांडेय के नेतृत्व में व्यापारियों ने शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान शहर की दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों की समर्थन में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, बनार्जी लाल अग्रहरि, सतविंदर पाल जज्जी, पुष्कर चौधरी, पियूष सिंह, टीएन गुप्ता, विपिन जायसवाल समेत अन्य लोग शामिल हुए।
सर्वदानंद पांडेय ने कहा कि छापेमारी गलत है। पुलिस बल लाकर व्यापारियों को भयभीत किया जा रहा है। अधिकारी पुलिस बल का प्रयोग न करें तो व्यापारी जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
इसके बाद अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले व्यापारियों की बैठक शहर के एक होटल में हुई। जिसमे सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी, एडीमए मनोज सिंह और एएसपी संतोष कुमार सिंह शामिल हुए। मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जैन ने कहा कि पुलिस बल के साथ छापा मारना गलत है। इससे व्यापारियों में भय का माहौल कायम है।
स्टेट जीएसटी के अधिकारी व्यापारियों को पुलिस का भय दिखा का छापा मार रहे हैं और पूर्व में जमा हुए इनपुट टैक्स क्रेडिट को नहीं मान कर टैक्स की गलत तरीके से वसूली करना चाह रहे हैं। इसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि इसे रोका नहीं गया तो पूरे जिले में आंदोलन और धरना प्रदर्शन होगा। इस पर एडीएम मनोज कुमार सिंह ने व्यापारियों का आश्वासन दिया कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होगा। राज्य कर विभाग के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। नियमानुसार ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच होगी।
सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि व्यापारियों की उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। व्यापारी बेफिक्र होकर अपना व्यापार करें। यदि कोई अधिकारी अनावश्यक रुप से उत्पीड़न करते पाए गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी। बैठक में जिलाध्यक्ष श्रवण अग्रहरि, राजू भाटिया, विनीत चड्ढा, शिवाजी गुप्ता, पेशकार अहमद, विकास गुप्ता, दीपक विश्वकर्मा, गोलू वर्मा, प्रिंस वर्मा, विजय कांदू आदि मौजूद रहे।
शहर में लगा घंटों जाम
व्यापारियों के शहर में प्रदर्शन के बाद गोला बाजार में एक सभा हुई। सभा के लिए सड़क के एक लेन पर व्यापारी इकट्ठा हो गए। जिसकी वजह से घंटों जाम लगा रहा। पुलिसकर्मी जाम को हटाने में लगे रहे। करीब एक घंटे बाद व्यापारियों की सभा खत्म हुई तब जाकर जाम भी समाप्त हो पाया।
सामान की खरीदारी के लिए परेशान रहे लोग
इस समय शादी का माहौल चल रहा है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के लोग शहर में सामानों की खरीदारी करने आए थे, लेकिन शनिवार को अधिकतर दुकानें बंद रहीं। जिसकी वजह से लोगों को सामान की खरीदारी करने में परेशानी उठानी पड़ी। धनघटा से आए दीपेंद्र यादव ने बताया कि घर में शादी है कुछ कपड़े खरीदने आए थे, लेकिन दुकानें बंद हैं। इसी तरह से अन्य लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी।