जनपद के तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन

संत कबीर नगर-

डीएम की अध्यक्षता में खलीलाबाद तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन।

जनसामान्य के शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा फरियादियों की संतुष्टि ही समाधान दिवस का उद्देश्य-डीएम

17 दिसम्बर 2022 जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने खलीलाबाद तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्व निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारीगण सम्बंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने अथवा आवेदक द्वारा एक ही शिकायत को बार-बार प्रस्तुत किये जाने अथवा सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा ससमय संज्ञान न लेने को गम्भीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि कार्यो में ढिलाई कदापि न बरती जाये, सभी लाभार्थीपरक योजनाएं जैसे-वृद्धावस्था पेंशन, निर्विवाद वरासत और कागजात दुरूस्ती के मामले आदि को तत्काल सुलझाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब व्यक्ति किसी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाये। उन्होंने कहा कि जब भी अधिकारीगण गावों के भ्रमण पर जायं, अपने विभाग से संबंधित जन कल्याणकारी योजनाओं/कार्यक्रमों का मौके पर सत्यापन करें तथा लाभार्थियों का फीडबैक भी ले।
खलीलाबाद तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 55 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से 10 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित कर शेष 45 प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित अधिकारियों को हस्थांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के अन्दर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने इस आयोजन में पिछले संपूर्ण समाधान दिवसों में प्राप्त लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों में निस्तारण मे विलम्ब के कारण का भी उल्लेख किया जाय साथ ही सभी प्रकरणों को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करा दिया जाय।
कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाय। यह सुनिश्चित कराया जाय कि पीडितों को न्याय मिले। पुलिस अधिकारीगण प्रत्येक प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करें। प्रत्येक प्रकरण में तुरन्त कार्यवाही करने की व्यवस्था की जाय तथा प्रत्येक थाने पर फरियादियों की शिकायतों को शिकायत पंजिका में दर्ज करते हुये उसके निस्तारण आदि से सम्बन्धित आख्या दर्शाते हुये अपडेट रखा जाये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजन के दौरान एक प्रकरण में आवेदक सूर्यनारायण और श्याम नारायण निवासी ग्राम पखुआपार के द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया की उक्त ग्राम में आवेदक का नाम खतौनी से गायब हो गया है, हमारा नाम खतौनी में होना चाहिए जिसपर तत्काल जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी द्वारा सही नाम अंकित कराते हुये खतौनी उपलब्ध करा दी गयी। इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण में नरेन्द्र राय द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया की हम उतरावल के निवासी है परंतु खतौनी में निवासी ग्राम बालुशासन अंकित है, जिसपर उपजिलाधिकारी द्वारा आदेश दिया गया की जांच कर खतौनी में सही निवास स्थान संशोधित किया जाए जिसपर जांच कर बालूशासन के स्थान पर उतरावल अंकित कर आवेदक को खतौनी उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने उप जिलाधिकारी के इस त्वरित निस्तारण कार्यवाही की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी,डा0 अनिरुद्ध कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुदामा प्रसाद, उप जिलाधिकारी सदर अजय कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार शेख आलमगीर, नायब तहसीलदार विजय गुप्ता, सहित समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में धनघटा तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न मामलों से सम्बंधित फरियादियों को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया, उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में स्थलीय जांच एवं अन्य कार्यवाही आदि के दौरान दोनो पक्षों की पूरी बात को अवश्य सुने। तहसील धनघटा में कुल 17 प्रार्थना पत्र आये जिसमें से मौके पर 02 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को अंतरित करते हुए अबिलम्ब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कानून व्यवस्था एवं पुलिस प्रशासन से सम्बधित मामलों की सुनवाई अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह द्वारा की गयी। उन्होंने किसी भी विवाद की स्थिति में थानाध्यक्षों को मौके का स्थलीय निरीक्षण करने, शांति व्यवस्था बरकरार रखने आदि से सम्बंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी धनघटा डा0 रवीन्द्र कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपांशी राठौर सहित तहसील राजस्व कर्मचारी एवं लेखपाल आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई मुख्य विकास अधिकारी, अतुल मिश्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न मामलों से सम्बंधित एक-एक कर फरियादियों के समस्याओं को सुनते हुए सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिये। तहसील मेंहदावल में कुल 18 प्रार्थना पत्र आये जिसमें से मौके पर 02 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को हस्थातंरित करते हुए अबिलम्ब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराये जाने का निर्देश दिया गया।
IMG_20221218_071859.jpg