मप्र में सरकार के जश्न के साथ मनेगा कांग्रेस का अगला स्थापना दिवस

in #congress2 years ago

005.jpg

  • भव्यता के साथ मनाया कांग्रेस का 138 वां स्थापना दिवस
  • कार्यकर्ता सम्मेलन व प्रशिक्षण आयोजित

मंडला. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का 138 वां स्थापना दिवस जिला मुख्यालय में भव्यता के साथ मनाया गया। आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत झंडा वंदन के साथ हुई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एड राकेश तिवारी, जिला प्रभारी दिनेश यादव, बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, निवास विधायक डॉ अशोक मर्सकोले सहित जिला, ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर, बूथ पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में झंडावंदन कर वंदे मातरम गायन किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण कर मंचीय कार्यक्रमों की शुरुआत की गई।

Cong 2.jpg

कार्यक्रम के दौरान चार प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन हुआ। जिसमें सबसे पहले एड संजय चौरसिया ने ओबीसी अधिकार वर्तमान चुनौतियां व संघर्ष विषय पर उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। दूसरे सत्र में डॉ आलोक चंसोरिया जबलपुर ने कांग्रेस का इतिहास संघर्ष सेवा समर्पण विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस के 138 वर्षों के संघर्ष को विस्तार से समझाया और आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक तथ्यों की जानकारी दी।

तीसरे सत्र में बैतूल से आये विषय विशेषज्ञ अनिल गर्ग ने पेसा एक्ट वनाधिकार कानून व भू राजस्व संहिता विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने तीनों विषयों पर बिन्दुवार जानकारी देते हुए इनमें क्या किया जाना है भविष्य में हमारे क्या कदम होने चाहिए आदि विषय को विस्तार से समझाया। चौथे सत्र में आदिवासी अधिकार विषय पर बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा व निवास विधायक डॉ अशोक मर्सकोले ने कार्यकर्ताओं का विशेष मार्गदर्शन किया।

  • कांग्रेस का इतिहास, हमारी धरोहर डॉक्युमेंट्री का हुआ प्रदर्शन :
    कार्यक्रम के प्रारंभ में कांग्रेस पार्टी के 138 सालों के गौरवशाली इतिहास को समाहित करते हुए बनाई गई डॉक्युमेंट्री का प्रदर्शन वीडियो स्क्रीन के माध्यम से किया गया। 1885 में कांग्रेस की स्थापना आजादी के संघर्ष आधुनिक भारत का निर्माण और विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम को इस डॉक्युमेंट्री के माध्यम से समझाने का प्रयास किया गया।

  • अगला स्थापना दिवस मप्र में सरकार बनाने के साथ मनाएंगे :

Cong 1.jpg
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ये अपार उपस्थिति इस बात का संकेत है कि मप्र में ऐतिहासिक बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस का इतिहास संघर्ष का इतिहास है, लाखों करोड़ों शहादतों के बाद हमने आजादी पाई। देश के विकास को नई दिशा दी और विकास की दशा को मजबूत किया। आधुनिक भारत हमारी कांग्रेस की देन है। उन्होंने और भी अनेक विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष एड राकेश तिवारी, जिला प्रभारी दिनेश यादव, बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, निवास विधायक डॉ अशोक मर्सकोले ने भी उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर मार्गदर्शन दिया। मंच संचालन वरिष्ठ नेता राजेश कछवाहा द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन शहर अध्यक्ष अभिनव चौरसिया द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।