कड़ाके की ठंड और गलन के चलते 8वीं तक के सभी स्कूल तीन जनवरी तक बंद

in #education2 years ago

order-copy.jpg

आगरा। आगरा में कोहरा और शीतलहर का प्रभाव अब दिखाई देने लगा है। नये साल की शुरुआत आगरा में घना कोहरा से हुई है। साल के पहले दिन आज सुबह आगरा घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। सुबह 10 बजे तक कोहरे का प्रभाव आगरा में देखा गया। ठंड के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। हालांकि दिन निकलने के साथ—साथ कोहरा छंटता गया और धूप के दर्शन हुए लेकिन धूप में भी आज ठंड का अहसास हो रहा था। शाम होने के बाद शीतलहर चलने लगी जिसके कारण आगरा के तापमान में कमी आई है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आगरा का अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा और ये सामान्य से एक डिग्रीह सेलिसयस अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में घना कोहरा और शीतलहर के आसार हैं। तापमान में जबर्दस्त गिरावट देखने को मिल सकती है। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तो वहीं अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।

नए साल के पहले दिन धूप ढलते ही अचानक शीतलहर और कोहरे ने अपना प्रकोप दिखाया। जिसे देखते हुए आगरा प्रशासन ने मंगलवार तक अवकाश घोषित कर दिया है। नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में 3 जनवरी तक अवकाश रहेगा।

जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए कक्षा नर्सरी से लेकर आठवीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। सभी बोर्ड के मान्यता प्राप्त स्कूलों में छुट्टी का यह आदेश प्रभावी होगा। वहीं कक्षा 9वीं से लेकर कक्षा बारहवीं तक के स्कूल का संचालन का समय प्रातः 10 बजे से अपराहन 3 बजे तक रहेगा।