हर घर तिरंगा" अभियान हमारी देशभक्ति की अभिव्यक्ति - मुख्यमंत्री श्री चौहान

in #bhopal2 years ago

"हर घर तिरंगा" अभियान हमारी देशभक्ति की अभिव्यक्ति - मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने "हर घर तिरंगा" अभियान की प्रदेश में जारी तैयारियों की वर्चुअल समीक्षा की

एनआईसी कक्ष गुना वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्‍यम से किया गया सीधा प्रसारण

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि "हर घर तिरंगा" अभियान हमारी देशभक्ति की अभिव्यक्ति है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि प्रदेश के हर घर पर तिरंगा फहराए। हर गाँव और हर वार्ड का कोई घर, तिरंगा अभियान में सम्मिलित होने से न छूटे, यह सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के दूरस्थ गाँवों तक राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिला कलेक्टर ध्वज के विक्रय केंद्रों की जानकारी के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दें। जन-जन को हर घर तिरंगा अभियान में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित करने सभी मंत्री, नव निर्वाचित जन-प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संगठन के पदाधिकारी तथा विद्यार्थी राष्ट्रीय ध्वज लहराते और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाते हुए सोशल मीडिया पर अपनी फोटो अवश्य अपलोड करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान "हर घर तिरंगा" अभियान की प्रदेश में जारी तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समीक्षा कर रहे थे। निवास कार्यालय पर हुई बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री विनोद कुमार, प्रमुख सचिव संस्कृति श्री शिव शेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव जनसंपर्क श्री राघवेंद्र कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना उपस्थित थे। सभी जिलों के प्रभारी मंत्री, संभाग स्तरीय अधिकारी और जिलों के कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक बैठक से वर्चुअली जुड़े। गुना एनआईसी कक्ष में समीक्षा का वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्‍मय से सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान विधायक श्री गोपीलाल जाटव, कलेक्‍टर श्री फ्रेंक नोबल ए., पुलिस अधीक्षक श्री पंकज श्रीवास्‍तव, अपर कलेक्‍टर श्री आदित्‍य सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री विवेक रघुवंशी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हर घर तिरंगा अभियान ने आनंद और उत्साह से आजादी का पर्व मनाने का अवसर प्रदान किया है। प्रदेशवासियों के मन में राष्ट्र ध्वज के प्रति सम्मान और देश भक्ति की भावना उत्पन्न करने जिलों द्वारा किए जा रहे नवाचार सराहनीय हैं। समाज के सभी वर्गों, जन अभियान परिषद, शैक्षणिक और सामाजिक संस्थान, जन-प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से "हर घर तिरंगा" अभियान की गतिविधियों का आयोजन किया जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में ध्वज वितरण के लिए 40 हजार केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 9 हजार शहरी क्षेत्र तथा 31 हजार ग्रामीण क्षेत्र में हैं। प्रदेश में 1 करोड़ 50 लाख तिरंगे झंडों की आपूर्ति के विरुद्ध 1 करोड़ 54 लाख झंडे प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1 करोड़ 39 लाख झंडों का वितरण किया जा चुका है। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान में विभिन्न जिलों में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी गई। प्रदेश के प्रमुख संरक्षित स्मारकों, संग्रहालयों पर 5 से 15 अगस्त तक तीन रंगों की प्रकाश व्यवस्था की गई है। जिलों में एनसीसी, एनएसएस, पुलिस आदि की साईकिल, बाइक, कार रैली, मैराथन, जन-जागरण के लिए प्रभात फेरी, महापुरुषों की प्रतिमा की साफ-सफाई और सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि आयोजित किए जा रहे हैं। संस्कृति विभाग द्वारा 8 से 15 अगस्त तक के लिए सुझावात्मक कार्यक्रमों का स्वरूप भी जिलों को भेजा गया है।