ख़ुशख़बरी : लखनऊ के बाद अब झांसी में लुलु ग्रुप बनाएगा मॉल
झांसी। झांसी ही नहीं बल्कि पूरे बुन्देलखंड के लिए यह खुशखबरी की बात है कि अब झांसी में भी लुलु ग्रुप मॉल बनाने की तैयारी में लगा हुआ है। यह प्रदेश का दूसरा मॉल होगा। इतना ही नहीं कम्पनी यहां फूड प्रोसेसिंग यूनिट की भी स्थापना करेगी। आपको बताते चलें कि संयुक्त अरब अमीरात यूएई का लुलु ग्रुप प्रदेश में लखनऊ के बाद अब झांसी में अपना मॉल खोलने जा रहा है। जिसको लेकर कम्पनी के अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल झांसी आया हुआ है और अपना प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखा है। दोनो प्रोजेक्ट के लिए कम्पनी ने यहां जमीन खोजनी शुरु कर दी है। इतना ही नहीं झांसी में मॉल के अलावा फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने का भी प्रस्ताव रखा गया है। यूनिट का शत प्रतिशत उत्पादन निर्यात कर विदेशों में भेजा जायेगा। वही लुलु ग्रुप ने पिछले साल अपना पहला मॉल लखनऊ में खोला था। जिसका शुभारम्भ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जुलाई माह में किया था। यह लखनऊ का सबसे बड़ा मॉल है, अब कम्पनी प्रदेश में अपना दूसरा मॉल झांसी में बनाने जा रही है।