तेंदुए ने जंगल में चरवाहे की दो बकरियों पर हमला कर उतारा मौत के घाट

in #shivpuri4 months ago

IMG-20240430-WA0028.jpg

बचाने आए चरवाहे से भिड़ा तेंदुआ, घायल हुआ चरवाहा

शिवपुरी। जिले के सुभासपुरा थाना क्षेत्र के सेवड़ा गांव में सोमवार की देर शाम जंगल में बकरी चराकर गांव बापस लौट रहे चरवाहे पर तेंदुए ने हमला बोल दिया। बताया गया है तेंदुए ने दो बकरियों को भी अपना शिकार बनाया है बकरियों को बचाने की कोशिश में चरवाहा भी तेंदुए के हमले से घायल हुआ है। घायल का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। बताया गया है कि इससे पहले भी इस गांव की कई बकरियों को तेंदुआ अपना निशाना बना चुका है।

जानकारी के मुताबिक़ सेवड़ा गांव का रहने बाला 50 वर्षीय जसराम पाल पुत्र हल्केराम पाल सोमवार को जंगल में बकरियों को चराने ले गया था। शाम होने के बाद जब वह बकरियों को लेकर जंगल से गांव की ओर बढ़ा, तभी एक तेंदुए ने उसकी बकरियों पर हमला बोल दिया था। जसराम पाल ने लाठी की मदद से बकरियों को बचाने का प्रयास किया था। तभी तेंदुए ने भी जसराम पाल पर हमला बोल दिया था। जसराज पाल ने बताया कि बकरियों को तेंदुए से बचाने के लिए उसे तेंदुए से भी भिड़ना पड़ गया था। इस दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर उसे तीन जगह काट कर घायल कर दिया और दो बकरियों को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। वह जैसे-तैसे अपने गांव पहुंचा जहां रात को उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।