घर-घर तिरंगा ध्वज पहुँचाने नगरपालिका ने उठाया बीड़ा
अनूपपुर कलेक्टर के निर्देश पर सक्रिय हुई परिषदे
अनूपपुर। 13 - 15 अगस्त 2022 तक जिले में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिये नगरीय क्षेत्रों में नगरपालिका परिषद के कर्मचारी घर - घर जा कर तिरंगा ध्वज प्रदान कर रहे हैं। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीणा के निर्देशानुसार नगरपालिका परिषद अनूपपुर के कर्मचारी तथा अन्य लोग सभी पन्द्रह वार्डों में घर - घर जा कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा प्रदान कर रहे हैं। यह सशुल्क है और इसके लिये वे पच्चीस रुपये की कीमत ले रहे हैं।
एक दिन पूर्व ही सोशल मीडिया पर इस आशय की सूचना प्रसारित हो रही थी कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में लोगों को तिरंगा सुलभ नहीं है। अभी यह कलेक्ट्रेट परिसर में स्व सहायता समूहों द्वारा विक्रय किया जा रहा है। सभी लोग सरलता से यहाँ नहीं पहुंच पा रहे। कलेक्टर मीणा से इस आशय की मांग की गयी थी कि नगरपालिका, तहसील कार्यालयों और चुनिंदा दुकानों में तिरंगा विक्रय हेतु उपलब्ध करवाया जाए। कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लिया है और दो कदम आगे जाकर नगरपालिका और पंचायतों सहित अन्य एजेंसियों से घर - घर तिरंगा उपलब्ध कराया जा रहा है। आज 12 अगस्त की सुबह से ही नगर के अलग - अलग वार्डों में घर - घर तिरंगा राष्ट्रध्वज मिलने से आम लोग भी खुशी - खुशी इसे खरीद रहे हैं।