ताजमहल के 100 मीटर दायरे में बने अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, एएसआई ने की कार्रवाई

in #wortheum2 years ago

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने प्रतिबंधित दायरे हुए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलवाया, वहीं नगर निगम की टीम ने फव्वारा, सेब का बाजार और कश्मीरी बाजार में अतिक्रमण हटाए।
पुरातत्व सर्वेक्षण ने शुक्रवार को बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया। तांगा स्टैंड पर नगर निगम के टॉयलेट के बाद यह पहली कार्रवाई है, जो स्थानीय निवासियों के अवैध निर्माण पर की गई है। इससे पहले सरकारी इमारतों में थाना और टॉयलेट ही तोड़े गए थे।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने तांगा स्टैंड और ताजमहल पूर्वी गेट स्थित पाठक प्रेस के पास बने चार अवैध निर्माणों को तोड़ दिया। आगरा विकास प्राधिकरण से बुलडोजर और टीम का सहयोग लेकर एएसआई ने सईद बेग, परवीन, शेर सिंह और सुल्तान के अवैध निर्माण तोड़े। इन्होंने ताज के प्रतिबंधित दायरे में पहली मंजिल पर अवैध निर्माण कर लिया था। टीम जब बुलडोजर लेकर पहुंची तो लोग एकत्र हो गए, लेकिन पुलिस फोर्स बुला लिया गया।
'इसी तरह अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर'
एक अन्य अवैध निर्माण भी तोड़ा जाना था, लेकिन निर्माण करने वाले ने हाईकोर्ट के स्टे का हवाला दिया, जिस पर एएसआई अधिकारियों ने उसे कागजात, अनुमति और स्टे आर्डर दिखाने के लिए दो दिन का वक्त दिया है। अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि ताजमहल के पास किसी भी तरह के अवैध निर्माण को इसी तरह ध्वस्त किया जाएगा। इन इमारतों के खिलाफ साल 2018 से पहले महानिदेशक की ओर से ध्वस्तीकरण आदेश जारी हो चुके थे।