हर्ष फायरिंग में दो युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल

संतकबीरनगर धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम लौकिहा गांव में रविवार को दिन में निकाह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दो युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।एक को कूल्हे व दूसरे के घुटने में गोली लगी है। घटना से शादी के माहौल में अफरातफरी मच गई। लड़की की विदाई नहीं हो पाई। गंभीर रूप से घायल युवकों को इलाज के लिए बस्ती ले जाया गया है।

ग्राम लौकिहा में रविवार को दिन में मुर्तजा हुसैन के घर लड़की का निकाह था। बारात गांव के ही निवासी अब्दुल सलाम के घर से आई थी। शादी में जश्न का माहौल चल रहा था। सगे-संबंधी बारात में मौजूद थे। निकाह हो गया था। बताया जाता है कि इसी बीच गांव के एक युवक ने अवैध असलहे से हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसमें दो युवक गोली लगने से जमीन पर गिरकर तड़फने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। लौकिहा निवासी नदीम (22) की घुटने व गौवापार निवासी मुहम्मद कैफ (20) के कूल्हे में गोली लगी है। मौका पाकर हर्ष फायरिंग करने वाला युवक फरार हो गया। निकाह वाले घर में सन्नााटा पसर गया। लड़की की विदाई नहीं हो पाई।

पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल युवकों को इलाज के लिए बस्ती ले जाया गया है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पाठक ने बताया कि जांच-पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।IMG_20220516_074843.jpg