जनपद में बहुत जल्द बस अड्डा स्थापित होगा

संतकबीरनगर जनपद में बहुत जल्द बस अड्डा स्थापित होगा। इसके लिए कार्य शुरू हो गया है। विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में इसको लेकर जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।स्थानीय सांसद प्रवीन निषाद और सदर विधायक अंकुरराज तिवारी ने इसको लेकर पहले ही प्रस्ताव दिया था और लगातार दबाव भी बना रहे हैं। उक्त बातें बुधवार को जनपद में आए प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ ही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

परिवहन मंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। एक प्राइवेट कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे सदर विधायक अंकुर राज तिवारी के विद्यालय पर पहुंचे। जहां विधायकों और भाजपा नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में संगठन की मजबूती पर चर्चा करने के साथ ही सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं को विधायक सुने और उसका त्वरित निस्तारण कराएं। इस दौरान नेताओं ने जनपद की परिवहन व्यवस्था सुधार के लिए जरूरी मांग भी रखी, जिसे निस्तारण का आश्वासन उन्होंने दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष जगदम्बा लाल श्रीवास्तव, सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, धनघटा विधायक गणेश चौहान, राज ग्लोबल एकेडमी के एमडी राजेश्वर सिंह जिला उपाध्यक्ष अमर राय, गणेश पांडेय, नपा अध्यक्ष श्याम सुन्दर वर्मा, हिन्दू जागरण मंच के प्रदेश अध्यक्ष राकेश पाठक, गुरदीप सिंह बिट्टू, मनोज सिंह, मुकेश सिंह, चिक्कन सिंह, विजय राय, मगहर चेयरपर्सन संगीता वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।IMG_20220519_071750.jpg