महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मनोरमा शुक्ल ने बुधवार को जिले में पहुंचकर स्थानीय गेस्ट हाउस में जनसुनवाई चौपाल लगाई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्या का त्वरित गति से निस्तारण करें। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन, महिला अपराध, महिला उत्पीड़न अथवा अन्य किसी भी प्रकार से पीड़ित एवं प्रताड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए आयोजित चौपाल में बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाएं शामिल हुईं। न्यायिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में सुनवाई की।सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मन्शा के अनुसार महिला आयोग पूरी तरह से महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं अन्य किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से न्याय दिलाने हेतु बेहद संवेदनशील है । विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं/बालिकाओं की भागीदारी मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आयोग में सुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं का गहन विश्लेषण कर अन्य संबंधित अधिकारियों के सहयोग से उचित कार्रवाई कर उसका समाधान करना उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। महिला फरियादियों में खलीलाबाद थाना क्षेत्र से रीना देवी, नसीमा खातून, सुमनलता श्रीवास्तव, धनघटा थाना क्षेत्र से कुसुम, थाना महुली से गंगोत्री देवी से व्यक्तिगत रूप से बात कर उनकी समस्याओं को जाना। सम्बंधित अधिकारियों को पीड़िता का पक्ष सुनने तथा हकीकत की जांच करवाकर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। प्रत्येक मामले में सदस्य ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले में व्यक्तिगत रूचि लेकर निस्तारित कराने की अपेक्षा की। उन्होंने शिकायतें प्राप्त होने के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा की गयी कार्रवाई की भी पूछताछ की।

आयोजन में आयोग की सदस्य मनोरमा शुक्ला ने कहा कि उत्पीड़न के सम्बन्ध में पुलिस अधिकारी पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए कार्य करें। उत्पीड़न करने वाले लोगों के विरूद्ध कठोर दृष्टिकोण अपनाया जाय। महिलाओं को पूरी तरह से सुरक्षा, सम्मान एवं संरक्षण प्रदान करते हुए उत्पीड़न के मामलों में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करायी जाय। अभियुक्तों के विरूद्ध तत्काल कार्यवाही भी की जाए। उन्होंने कहा कि मिशन-शक्ति कार्यक्रमों के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले महिलाओं, बालिकाओं अथवा स्वयं सहायता समूहों को अवश्य सम्मानित किया जाए, इससे उनका मनोबल और कार्य के प्रति उनकी अभिरूचि बढ़ेगी। अध्यक्ष नगर पंचायत मगहर संगीता वर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा सुनीता अग्रहरि ने अंगवस्त्र भेट कर सम्मानित किया। महिला जनसुनवाई एवं चौपाल शिविर आयोजन के दौरान न्यायिक अधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिकेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अंशुमान, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ श्वेता त्रिपाठी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ मोहन झा, सुरेश कुमार सरोज, महिला थाना प्रभारी सरोज शर्मा, महिला कल्याण अधिकारी मोनिका शुक्ला आदि मौजूद रहीं।IMG_20220519_073355.jpg