भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी का शंखनाद कर दिया।

IMG_20221009_113237.jpg मेरठ। भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी का शंखनाद कर दिया है। दरअसल उत्तर प्रदेश नगर निगम के चुनाव के मददे नजर मेरठ नगर निगम के चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसास मोर्या व प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी व प्रदेश संगठन धर्मपाल सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल, नगर निकाय चुनाव प्रभारी पंकज सिंह व केपी मलिक आदि भी मेरठ बागपत रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय हरमन सिटी पहुंचे। क्षेत्रीय कार्यालय पर बुलायी गयी इस बैठक में पश्चिम क्षेत्र के संगठन के पदाधिकारी जुटे थे। भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेन्द्र शर्मा ने बैठक समाप्त होने पर बताया कि प्रदेश संगठन ने स्थानीय निकाय की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं। संगठनात्मक स्तर पर भाजपा के जितने भी क्षेत्र हैं उन सभी के स्थानीय निकाय प्रभारियों की बैठक ली गयी। उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। हरमन सिटी पर पहुंचने वाले प्रदेश भर के संगठन के स्थानीय निकाय क्षेत्रों में पश्चिम क्षेत्र के अलावा ब्रज क्षेत्र, अवध क्षेत्र, गोरखपुर क्षेत्र, लखनऊ क्षेत्र आदि से भी प्रतिनिधि पहुंचे थे। सूत्रों ने जानकारी दी है कि स्थानीय निकाय प्रभारियों को मतदाता सूची का पुनरिक्षण करने तथा घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने को कहा गया है। सबसे ज्यादा जोर मतदाताओं के डोर टू डोर संवाद पर दिया गया। उन्होंने बताया बार्ड स्तर जिन्हें संगठन ने शक्ति केंद्र का नाम दिया है, वहां निरंतर बैठक करने के भी निर्देश स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों को दिए गए है। भूपेन्द्र चौधरी व धर्मपाल सिंह ने क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल के साथ पश्चिम व ब्रज क्षेत्र के स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों की बैठक की। यह भी जानकारी दी गयी है कि दो-दो क्षेत्रों की बैठक को संबोधित किया गया। वहीं दूसरी ओर संगठन के पूर्व अध्यक्ष होने के चलते सबसे महत्वपूर्ण संबोधन योगी सरकार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मोर्या का रहा। उन्होंने चुनाव संबंधित बारीकियों को समझाया।