विद्यालय में बच्चे का फॉर्म भरने पहुंची महिला को शोहदे ने पीटा

in #uttarpradesh2 years ago

IMG_20220730_200619.jpg

सौरिख। कर्री गांव के प्राथमिक विद्यालय में बच्चे का फॉर्म भराने पहुंची महिला की शोहदे ने पिटाई कर दी। शिक्षकों ने स्कूल के अंदर महिला की पिटाई का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। पुलिस ने शोहदे को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 35 वर्षीय महिला का पति मुंबई में ऑटो चलाता है। महिला पांच साल के बच्चे के साथ घर में अकेले रहती है। करीब तीन माह से महिला को कर्री गांव का गुड्डन परेशान कर रहा था। गुरुवार को महिला बच्चे का प्राथमिक विद्यालय में छात्रवृत्ति का फॉर्म भरने जा रही थी।

महिला को देखकर गुड्डन ने चेहरे पर गमछा बांध लिया और उसका पीछा करते हुए स्कूल में पहुंच गया। यहां शिक्षकों और बच्चों के सामने गुड्डन ने महिला को पीट दिया। शिक्षकों ने इसका वीडियो बना लिया। शिक्षकों ने गुड्डन को पकड़ने का प्रयास किया तो वह धमकी देते हुए भाग निकला।

शिक्षकों ने वीडियो को सोशल साइट पर वायरल कर दिया।वीडियो का पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया और पीड़िता को थाने बुलाया। जानकारी करने के बाद पुलिस ने महिला की तहरीर पर गुड्डन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया जाएगा।