नंद घर आनंद भए, जै कन्हैयालाल की..

in #religious2 years ago (edited)

IMG-20221101-WA0089.jpg

  • श्रीकृष्ण लीला में मनाया नंदोत्सव
  • नंद सखा की निकाली सवारी

आगरा। श्रीकृष्ण लीला में मंगलवार को जमकर आनंद बरसा। यशोदा को सभी ने खूब बधाइयां दी और मंगलगान गाए। नंद बाबा ने उपहार लुटाए और ब्रजवासियों ने नृत्य करके माहौल खुशनुमा कर दिया।
वाटर वर्क्स स्थित गौशाला इन दिनों ब्रजधाम बनी हुई हैं। मंगलवार को यहां नंदोत्सव की लीला का मंचन किया गया, जिसमें नंद बाबा के स्वरूप ने जमकर उल्लास बिखेरा और दानपुण्य किया। ब्रजवासियों को उपहार दिए। ब्रजवासियों ने गाया-नंद के आनंद भए, जै कन्हैयालाल की...।
नंद सखा की सवारी बैंड बाजों के साथ बल्केश्वर चौराहा से निकाली गई। नंद सखा बने राजेंद्र गुप्ता (ब्रज रस) अपने परिजनों और साथियों के साथ गौशाला पहुंचे। जिनका स्वागत किया गया।
इससे पूर्व लीला में कंस द्वारा बाल कृष्ण के वध के लिए विभिन्न तरीके अपनाए गए। एक माह तक के सभी बच्चों का वध कर दिया गया। राक्षसी पूतना को भेज कर भी श्रीकृष्ण के वध के प्रयास किये, लेकिन कृष्ण ने पूतना का ही वध कर दिया। इसके अलावा कान्हा के नामकरण संस्कार, भगवान शंकर द्वारा दर्शन के लिए आना, ऊखल बंधन आदि लीलाओं का मंचन भी वृंदावन के श्रीराम शर्मा (निमाई) के निर्देशन में कलाकारों द्वारा किया गया।
लीला के अंत में भगवान कृष्ण के स्वरूप की आरती उतारी गई। आरती करने वालों में कमेटी के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष मदन गर्ग, उपाध्यक्ष अशोक गोयल, महामंत्री विजय रोहतगी, कोषाध्यक्ष संजय गर्ग, लीला संयोजक केके अग्रवाल, आदर्श नंदन गुप्ता, राकेश जैन, डा.एसपी सिंह, सुजाता अग्रवाल,राजीव अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, केसी अग्रवाल, महेश जौहरी, मनोज बंसल, प्रमोद मोदी, नीरु रोहतगी, नीलिमा गोयल, राकेश जैन बॉबी, विष्णु अग्रवाल दाल वाले,पवन अग्रवाल, मनोज नागा,सुनीता गुप्ता,रेनू गर्ग आदि प्रमुख थे।