बेटियों ने बढ़ाया आगरा का मान - वूमेंस टी-20 चैलेंज-2022 में बनीं कप्तान और उपकप्तान

in #agra2 years ago

आगरा। बीसीसीआइ ने पुणे में 23 से 28 मई तक होने वाली वूमेंस टी-20 चैलेंज-2022 के लिए तीन टीमों की घोषणा कर दी। टीमों की घोषणा के बाद शहर के क्रिकेट प्रेमी खुशी से झूम उठे। ताजनगरी की दीप्ति शर्मा को टीम वेलोसिटी की कप्तान और पूनम यादव को टीम ट्रेलब्लेजर्स की उपकप्तान चुना गया है। वहीं, राशि कनौजिया को टीम सुपरनोवा में चुना गया है। तीनों खिलाड़ी सोमवार को पुणे रवाना हो गईं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्थायी सदस्य दीप्ति ने सात वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू की थी। 17 वर्ष की उम्र में उन्होंने भारतीय टीम में जगह बना ली थी। 19 फरवरी, 2016 को रांची में श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में उन्होंने 20 रन देकर छह विकेट लिए थे। 15 मई, 2017 को दक्षिण अफ्रीका में आयरलैंड के खिलाफ वनडे मैच में ओपनिंग करते हुए 188 रनों की पारी उन्होंने खेली थी। भारत सरकार उन्हें अर्जुन अवार्ड से सम्मानित कर चुकी है।

पूनम नौ वर्षों से भारतीय टीम की स्थायी सदस्य हैं। रेलवे के लिए खेलने वालीं लेग स्पिनर पूनम यादव ने गली क्रिकेट से खेल की शुरुआत की थी। कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने वर्ष 2013 में भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 72 टी-20 मैचों में 98, 58 वनडे मैचों में 80 और एकमात्र टेस्ट में उन्होंने तीन विकेट लिए हैं। भारत सरकार उन्हें अर्जुन अवार्ड से सम्मानित कर चुकी है।

राशि लेफ्ट आर्म आर्थोडाक्स स्पिनर हैं। वह उप्र की महिला सीनियर टीम की उपकप्तान व अंडर-23 टीम की कप्तान रह चुकी हैं। पिछले वर्ष बीसीसीआइ ने भारतीय टीम के आस्ट्रेलिया दौरे से पूर्व 30 संभावित खिलाड़ियों में चुना था। वह भारतीय महिला-ए टीम की ओर से बांग्लादेश व श्रीलंका का दौरा कर चुकी हैं। राशि का लक्ष्य देश के लिए खेलना है।

क्रिकेट कोच मनोज कुशवाहा ने बताया कि वूमेंस टी-20 चैलेंज के बाद बर्मिंघम में कामनवेल्थ गेम्स होने हैं। कामनवेल्थ गेम्स में पहली बार महिला क्रिकेट को शामिल किया गया है। वूमेंस टी-20 चैलेंज में अच्छा प्रदर्शन कर शहर की खिलाड़ियों के पास कामनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने का अच्छा मौका रहेगा।