कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई ने छोड़ी विधायकी, बीजेपी में होंगे शामिल
चंडीगढ़: हरियाणा से कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा है। बिश्नोई गुरुवार सुबह भाजपा में शामिल हो जाएंगे। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट के जरिए दी है।कुलदीप ने मंगलवार को ट्वीट किया कि 4 अगस्त को 10.10 बजे वह भाजपा में चले जाएंगे। उन्होंने दूसरा ट्वीट करके कहा कि घायल तो यहां हर परिंदा है, मगर जो फिर से उड़ सका वही जिंदा है।बिश्नोई ने मंगलवार शाम को आदमपुर स्थिति आवास पर समर्थकों के साथ बैठक की थी। उन्होंने भाजपा में शामिल होने को लेकर समर्थकों से सुझाव भी मांगे थे, जिसका सभी ने समर्थन किया। इसके बाद कुलदीप ने कहा कि आदमपुर विधानसभा सीट ने 27 साल का वनवास काटा है और अब इसका वनवास खत्म होने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि आदमपुर इलाके में विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और आदमपुर एक बार फिर विकास का उदाहरण बनेगा।बता दें कि राज्यसभा चुनाव में बिश्नोई ने कांग्रेस के खिलाफ जाकर क्रॉस वोट किया था। इसके बाद उन्हें पार्टी के सभी पदों से हटा दिया गया था। चार बार के विधायक और दो बार के सांसद रहे बिश्नोई पहले से ही पार्टी से नाराज चल रहे थे। इस साल की शुरुआत में पार्टी के द्वारा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नजरअंदाज करने के बाद बिश्नोई ने बगावत का झंडा बुलंद कर दिया था। 14 जून को उन्होंने संकेत दिए थे कि वह भाजपा में शामिल होंगे।