ऑयल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 40 लाख का नुकसान

in #ajmer2 years ago

aag.jpg
22 दमकलों की मदद से आग पर पाया गया काबू
(नवीन वैष्णव अजमेर)
अजमेर के रामगंज थाना क्षेत्र स्थित बकरा मण्डी के सामने बनी ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। जिससे फैक्ट्री में रखा लगभग 45 टन ऑयल व अन्य माल जलकर राख हो गया। आग से 30 से 40 लाख रुपए के नुकसान की जानकारी फैक्ट्री मालिक ने दी है। वहीं लगभग 22 दमकलों के जरिए तीन घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।
रामगंज थाने के एएसआई रेवतराम ने बताया कि सुबह साढ़े पांच बजे लगभग बकरा मंडी के सामने स्थित ऑयल फैक्ट्री में आग की सूचना मिली। जिस पर थाने की टीम रवाना हुई वहीं फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे तो सालासर ऑयल मील में आग लगी थी। भीषण आग को देखते हुए निगम की दमकल के अलावा अन्य दमकलें भी बुलाई गई। तीन घंटे तक आग भभकती रही। दमकलों ने कुल 22 चक्कर किए तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
एएसआई रेवतराम ने कहा कि संभवतया शॉर्ट सर्किट के कारण ही आग लगने की जानकारी सामने आई है। फैक्ट्री के गार्ड दुर्गा सिंह ने इसकी जानकारी मालिक लक्ष्मण तिलोकानी व पुलिस को दी थी। वह बाहर ही पहरेदारी कर रहा था। आग से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। आग से फैक्ट्री का गोदाम भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।