शराब के नशे में उलझी महिला अधिकारी हुई निलंबित

in #wortheum2 years ago

गोंडा/बहराइच। शराब के नशे में महिला पुलिस कर्मी के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में उप श्रमायुक्त देवीपाटन मंडल को निलंबित कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव ने एसपी बहराइच की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए उप श्रमायुक्त को कानपुर मुख्यालय से संबद्ध किया है। अभी तक देवीपाटन मंडल में नए अफसर की तैनाती नहीं हुई है।

एक मई को श्रम विभाग के एक अफसर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। जरवलरोड थाना क्षेत्र के घाघराघाट पुल के पास वीडियो में दिख रही महिला उप श्रमायुक्त देवीपाटन मंडल रचना केसरवानी बताई जा रही हैं। जरवलरोड थानाध्यक्ष राजेश सिंह के मुताबिक उप श्रमायुक्त लखनऊ से अपनी गाड़ी से गोंडा के लिए आ रही थीं। नशे में होने के कारण उनकी कार बहराइच की ओर मुड़ गई। इससे कार डिवाइडर से टकरा गई थी

घटना की सूचना पर महिला पुलिस कर्मियों को भेजा गया। नशे में होने के कारण वह पुलिस कर्मियों से उलझ गईं। घटना की जानकारी उनके पति को दी गई। सूचना पर पहुंचे उनके पति को महिला अधिकारी का मेडिकल कराने के बाद सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने मामले की रिपोर्ट एसपी को भेजी थी

एसपी बहराइच केशव चौधरी ने मामले की रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव सुरेश चंद्रा को भेजी थी। इसके अलावा मामले की विभागीय जांच भी कराई गई। जांच में शराब का सेवन करने व पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार करने की पुष्टि होने पर उप श्रमायुक्त देवीपाटन मंडल रचना केसरवानी को निलंबित कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव ने निलंबित अफसर को श्रमायुक्त के मुख्यालय कानपुर से संबद्ध किया है।

उप श्रमायुक्त रचना केसरवानी की देवीपाटन मंडल में तैनाती करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उन्होंने 29 जून 2019 को कार्यभार संभाला था जिस दिन उन्होंने मंडल की कुर्सी संभाली। दफ्तर में उनके कार्यशैली की चर्चा हमेशा होती थी। फिलहाल, अभी तक नए उप श्रमायुक्त की तैनाती नहीं हो सकी है।