एमपी: अशोकनगर में युवक ने ट्रेन से कटकर जान दी, हाथ पर लिखा एएसआई मेरे मारने की वजह

in #mp2 years ago (edited)

NEWS DESK: WORTHEUM, PUBLISHED BY: HEENA MANSURI, 12TH JUN 2022, 02:44 AM IST

(2).jpg%20(2).jpg)

मध्य प्रदेश के अशोकनगर में एक युवक ने ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। मरने से पहले युवक ने अपनी हथेली पर लिखा कि उसकी मौत के लिए एएसआई तिवारी जिम्मेदार है। मृतक का शव बरामद होने पर उसके परिजनों ने एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तीन घंटे तक हंगामा किया। उन्होंने शव को घर ले जाने से भी इनकार कर दिया।

पुलिस को मिली थी सूचना

मामला शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात का है। पुलिस को सूचना मिली कि नौघरा के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मृत युवक की पहचान भूपेंद्र दांगी के रूप में हुई जो त्रिलोकपुरी कॉलोनी का रहने वाला था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया।

एएसआई युवक करता था परेशान

इस दौरान मृतक के भाई पिंटू ने बताया कि उसे सिटी कोतवाली में पदस्थ एएसआई विनोद तिवारी लगातार परेशान कर रहे थे। भूपेंद्र दो दिन से लापता था। शुक्रवार शाम को भूपेंद्र ने भाई को फोन कर बताया था कि विनोद तिवारी उससे लगातार पैसे की मांग कर रहे हैं। भूपेंद्र ने यह भी कहा था कि कुछ देर पहले ही उसके साथ मारपीट भी की गई है। अब वह जीना नहीं चाहता और आत्महत्या करने जा रहा है। घर के लोग उसके लौटने का इंतजार करते रहे। चार बजे सुबह में पुलिस आई, तब उन्हें भूपेंद्र की मौत की जानकारी मिली।

हाथ की हथेली पर लिखा सुसाइड नोट

मृत युवक ने आत्महत्या से पहले अपने हाथ की हथेली और कलाई पर सुसाइड नोट छोड़ा है। एक कागज भी पुलिस को मिला है जिसमें मृतक ने लिखा है कि उसकी मरने की वजह विनोद तिवारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। साथ ही दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई का आश्वासन भी परिजनों को दिया है।

परिजनों ने बताया नशे का आदी था युवक

अस्पताल में हंगामा कर रहे परिजनों को समझाने के लिए एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने बताया कि भूपेंद्र नशे का आदी था। पुलिस के रेकॉर्ड में मृत युवक के खिलाफ चार प्रकरण भी दर्ज हैं।