विदेशों में PR लेने वाले पंजाब के अफसरों के लिए अहम खबर
पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार ने भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसते हुए निर्णय लिया है कि पी.आर. लेने वाले अफसरों की पहचान की जाएगी। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो द्वारा सभी सरकारी विभागों से जानकारी एकत्रित की जा रही है कि किन-किन अधिकारियों ने पी.आर. ली हुई है।
भगवंत मान सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि भ्रष्टाचार करने वाले अधिकारी विदेशों में शरण न ले सकें। उन्होंने कहा कि कई अधिकारी भ्रष्टाचार करने के बाद पी.आर. होने के कारण विदेशों में चले जाते हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने भी पी.आर. ली हुई थी, जिस कारण वह विदेश चला गया था। इस अधिकारी ने पहले ही 2006 में चोरी-छुपे पी.आर. ली हुई थी।
भगवंत मान सरकार अब पी.आर. लेने वाले अधिकारियों के मामले में सख्ती कर सकती है। एक अनुमान के अनुसार पंजाब के 130 अधिकारियों व कर्मियों के पास पी.आर. है इसलिए अब सभी विभागों से ऐसे अधिकारियों की पहचान हो रही है। पंजाब में भगवंत मान सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया हुआ है इसीलिए वह विदेशों में पी.आर. लेकर रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद उन्हें हर हाल में रोकना चाहती है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान कई बार ऐलान कर चुके हैं कि जिन अधिकारियों व राजनेताओं ने एक रुपए का भी भ्रष्टाचार किया है उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने अब और सख्ती के संकेत विजिलेंस ब्यूरो को भी दे दिए हैं। पंजाब में भगवंत मान सरकार जहां कांग्रेस के 2 पूर्व मंत्रियों को गिरफ्तार कर चुकी है वहीं पर उसने पिछले समय अपने स्वास्थ्य मंत्री को भी गिरफ्तार किया था।