राजीव गांधी ओलंपिक खेलों का किया आयोजन

in #wortheumnews2 years ago

श्रीगंगानगर। राजस्थान सरकार की बजट घोषणा के अनुसार राज्य के समस्त जिलों में राजीव गांधी ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाना है, जिसकी मशाल यात्रा का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 29 मई को जयपुर से किया गया है।

मशाल यात्रा के दौरान जिले के विभिन्न ब्लॉक पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है ताकि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके व अधिक से अधिक ग्रामीणों को इन खेलों में भाग लेने हेतु प्रेरित किया जा सके।

राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का आयोजन 29 अगस्त से 2 अक्टूबर 2022 तक किया जावेगा। मशाल यात्रा संगरिया से श्रीगंगानगर जिले में सादुलशहर ब्लॉक से प्रवेश किया। तहसीलदार पूनम कुंवर, विकास अधिकारी विनोद, जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र कुमार बिश्नोई, खिलाड़ी भवानी शंकर सोनी, नायब सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नगेंद्र कौर व छात्रा छात्राओं ने मशाल यात्रा का स्वागत किया। मुख्य कार्यक्रम राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सादुलशहर में किया गया।

कार्यक्रम में तहसीलदार, विकास अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी, अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाज गुरचरण सिंह, अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी सुभाष भादू, सुखचैन सिंह, विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, शारीरिक शिक्षक, खेल प्रेमी व खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले सादुलशहर ब्लॉक के खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।

राज्य सरकार की ओर से विभिन्न खेल सुविधाओं व नौकरियों में आरक्षण आदि के बारे में जिला खेल अधिकारी ने विस्तार से बताया। विभिन्न वक्ताओं ने सभी नागरिकों को खेलों में भाग लेने व नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इन खेलों में पंजीयन से वंचित रहे ग्रामीणों के लिए एक बार पुनः ऑनलाइन पंजीयन 1 जुलाई 2022 से 31 जुलाई 2022 तक अवधि बढ़ाई गई है। मशाल रथ को तहसीलदार सुश्री पूनम कंवर ने हरी झंडी दिखाकर श्रीगंगानगर ब्लॉक के लिए रवाना किया।