कर्जा उतारने व नशे की जरूरत पूरी करने चोरी किया था आटो

in #crime2 years ago

11.jpg

लेबर कालोनी से चोरी हुआ आपे आटो। पुलिस ने इब्राहिमगंज निवासी शुभम यादव को गिरफ्तार कर बरामद किया आटो। सट्टा खेलने और नशे का आदी है आरोपित। पुलिस उससे वाहन चोरी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

राजधानी में हनुमानगंज थाना पुलिस ने सोमवार–मंगलवार की दरमियानी रात को लेबर कालोनी से चोरी गए आपे आटो को इब्राहिमगंज से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में इब्राहिमगंज निवासी शुभम यादव को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि सट्टा खेलने के कारण हुआ कर्जा उतारने एवं नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उससे वाहन चोरी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

हनुमानगंज थाना पुलिस के मुताबिक लेबर कालोनी निवासी भगवानदास ने मंगलवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें बताया कि वह स्वयं का आपे आटो रिक्शा चलाता है। सोमवार रात को उसने घर के सामने अपना आटो खड़ा किया था। रात तीन बजे तक आटो घर के सामने मौजूद था। मंगलवार सुबह छह बजे वह सोकर उठा तो उसका आटो चोरी जा चुका था। शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर आटो की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल के आसपास एवं चौराहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिरों की मदद से पता चला कि आटो इब्राहिमगंज की गली छह में जाता दिखा है। संदेह के आधार पर पुलिस ने इब्राहिमगंज की गली नंबर छह के मकान नंबर 10 में किराए से रहने वाले 22 वर्षीय शुभम पुत्र गेंदालाल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पहले तो वह चोरी के बारे में गुमराह करता रहा, सख्ती बरतने पर उसने लेबर कालोनी से आटो चोरी करना कुबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर गली में छिपाकर खड़े किए आटो को भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि सट्टा खेलने एवं शराब पीने की लत के कारण शुभम की बदमाशों के साथ संगत हो गई थी। बुरी आदतों की वजह से उस पर काफी कर्ज भी हो गया था। लोग रुपये वापस करने के लिए शुभम पर दबाव भी बना रहे थे। इस वजह से उसने आटो चोरी कर लिया था। शुभम के खिलाफ अवैध शराब, सट्टा खेलने के अपराध भी पूर्व से दर्ज हैं।