मां कल्याणी दरबार में हुई महाआरती

in #dindori2 years ago

20221003_195622.jpg
अष्टमी पर महिलाओं द्वारा लाये गये सैकड़ों आरती थाल से की गई मां की विशेष आरती

समनापुर- मुख्यालय समनापुर स्थित दुर्गा पंडालों में श्रद्घालु माता के दर्शन करने पहुंचे सोमवार को नवरात्र के आठवे दिन मां गौरी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह से देवी मंदिरों मां जगदम्बा की दरबार में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। नवरात्रि अष्टम दिन आदि शक्ति मां महागौरी की विशेष पूजा अर्चना की गई। समनापुर के प्रमुख चौराहे पर समितियों द्वारा दुर्गा पूजा उत्सव मनाया जा रहा है।
20221003_205553.jpg
भव्य पंडालों पर मां दुर्गा की स्थापना की गई है। नवरात्रि पर मां दुर्गा की उपासना व भक्ति में श्रद्घालु डूबे हुए हैं। सोमवार को दुर्गा अष्टमी पर मां कल्याणी मंदिर में दोपहर को भक्तों ने देवी महात्म्य की कथा सुनी और शाम को डिंडौरी रोड स्थित शिव मंदिर से मां कल्याणी दरबार तक शोभायात्रा रैली निकाली गई।
20221003_213036.jpg
महाआरती में महिलाओं ने अपने घरों से दीपों की थाली सजाकर लाईं। आरती शुरू होने से पहले ही मंदिर प्रांगण पूर्णतःभर गया और महिलाओं को मंदिर के बाहर प्रांगण में खड़े रहकर आरती करनी पड़ी। मंदिर प्रांगण में दूर-दूर तक आरती की थाली लिए महिलाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। सैकड़ों दीपों से मंदिर जगमगा उठा और ओम जय अंबे गौरी...आरती के सामूहिक स्वर से परिसर गूंज उठा। वहीं सिद्ध टेकरी दुर्गा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई जिसमें सुबह से ही श्रद्घालुओं का तांता लगा रहा। घण्टों तक कतारबद्घ श्रद्घालु मां की पूजा-अर्चना व दर्शन करने मंदिर के गेट में डटे रहे। दोपहर में भी श्रद्घालुओं की लंबी कतार लगी रही। इधर, दुर्गा पंडालों पर अष्टमी पूजा पर शामिल होने श्रद्घालु सुबह से अलग-अलग पंडालों पर पहुंच रहे थे।
20221003_212942.jpg
महिलाएं व युवतियों के अलावा युवा व बुजुर्गों ने भी अष्टमी पर मां जगदंबा की पूजा-अर्चना की। क्षेत्र में अलग- अलग स्थानों पर दुर्गा पूजा उत्सव मनाया जा रहा है। नवरात्रि पर मुख्यालय के सभी स्थानों पर दुर्गा पूजा उत्सव का आयोजन किया गया है। पंडालों के आसपास रंगीन विद्युत झालरों के अलावा आकर्षक झांकियों की सजावट देखते ही बनती है।
20221003_231002.jpg
इसके अलावा प्रमुख मार्गों के भवनों को भी रंगीन विद्युत झालरों से सजाया गया है। समूचा समनापुर मां दुर्गा की उपासना में डूबा हुआ है।इस दौरान परिवार, समाज व सबके सुख शांति समृद्धि की कामना की गई। आरती में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। आयोजन में समिति एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था रही।
20221003_231158.jpg
कन्या भोज व भंडारा आज नवरात्रि की नवमी पर समनापुर में स्थित दुर्गा पंडालों व देवी मंदिरों में कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। जगह-जगह भंडारा भी होगा। जिसके लिए दुर्गा समिति के लोगों ने तैयारियां पूरी कर ली है। कन्या भोज के बाद भंडारा होगा।