बिहार से एक और आरोपी गिरफ्तार, कैश और गहने बरामद

in #delhi2 years ago

Screenshot_20221106-174459.pngदिल्ली के हरिनगर इलाके में मंगलवार को कारोबारी, उनकी पत्नी और नौकरानी की हत्या के मामले में फरार एक और आरोपी को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक लाख रुपये, हीरे की अंगूठी, दो घड़ी, एक जोड़ी पायल, आईफोन सहित दो मोबाइल और चांदी की चेन बरामद की है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त घनश्याम बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान जेजे कालोनी द्वारका सेक्टर तीन निवासी रामजान उर्फ सद्दाम (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बिहार के अररिया से गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने ननिहाल गांव काकन में छिपा हुआ था।

एक नवंबर को बदमाशों ने हरिनगर के रहने वाले कारोबारी समीर अहुजा, उनकी पत्नी शालू और नौकरानी सपना की घर में हत्या कर दी गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल कर वारदात के छह घंटे बाद ही दो आरोपियों नजफगढ़ निवासी सचिन और उत्तम नगर निवासी सुजीत को गिरफ्तार कर लिया था।

अगले दिन पुलिस ने नजफगढ़ से एक और आरोपी मनीष को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस ने फरार आरोपियों के बारे में जानकारी एकत्रित की। तकनीकी जांच से पता चला कि तीन आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद बिहार भाग गए हैं। निरीक्षक प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अररिया बिहार में रामजान के ननिहाल में दबिश दी। जहां से उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। साथ ही दिल्ली पुलिस की अन्य टीम फरार मुख्य आरोपी समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।