फसलों की पैदावार बढ़ाने के लिए गोबर की खाद का करें प्रयोग : कृषि मंत्री

in #hardoilast year

IMG-20230326-WA0016.jpg

चार दिवसीय कृषि मेले का हुआ शुभारंभ

जिले को मिला एक और कृषि विज्ञान केंद्र

जन उपकार टाइम्स

हरदोई। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मॉडल कृषि फार्म कासिमाबाद में जिले के द्वितीय कृषि विज्ञान केंद्र के प्रशासनिक भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस मौके पर चार दिवसीय किसान मेला भी आयोजित किया गया। कृषि मंत्री ने यहां लगे स्टालों का निरीक्षण किया और किसानों को कृषि यंत्रों का वितरण किया।
कृषि मंत्री ने किसानों से भूमि को स्वस्थ्य रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि गोबर की खाद तथा ढैंचा का अधिक से अधिक प्रयोग करें। कृषि मंत्री ने श्रीअन्न ज्वार, बाजरा, रागी, काकौन की बुआई करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के साथ-साथ किसानों को सम्मान सहित जीवन जीने के लिए किसान सम्मान योजना, पीएम कुसुम, मुख्यमंत्री कृषक सड़क दुर्घटना जैसी योजनाएं शुरू की है। इसके साथ ही 50 से 90 प्रतिशत अनुदान पर बीज, कृषि यंत्र व सिंचाई के यंत्र किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों के समर्थन मूल्य पर फसलें खरीदीं जा रही हैं। आगामी वर्ष के लिए गेहूं का खरीद मूल्य 2125 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। जल्द ही किसानों को श्रीअन्न, दलहनी तथा तिलहनी फसलों के बीजों का वितरण किया जाएगा। सांसद अशोक रावत ने कहा कि सरकार किसानों के हित में तमाम योजनाएं चला रही हैं। इसी क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की जा रही है। उप महानिदेशक कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों को तमाम जानकारियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख संडीला अमित गुप्ता, ब्लाक प्रमुख भरावन विनोद कुमार तोमर, मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरुरानी, उप निदेशक कृषि डा. एसके चौधरी, डा. आरके यादव सहित प्रदेश मुख्यालय के कृषि विभाग के तमाम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार साहू, भूमि संरक्षण अधिकारी नरोत्तम प्रसाद सहित अनेक अधिकारी व दर्जनों किसान मौजूद रहे। इस मौके पर मन की बात का सजीव प्रसारण भी दिखाया।