मिड-डे-मील का खाना बनाते समय लगी आग, रसोईया झुलसी

in #hardoi2 years ago

IMG-20220519-WA0236.jpgहरदोई। विकासखंड कछौना के एक विद्यालय में मिड डे मील का खाना पकाते समय अचानक सिलेंडर के पाइप में लगी आग लग गई। आग के संपर्क में आकर विद्यालय की रसोईया बुरी तरह झुलस गई। इस हादसे से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बच्चों को क्लास से बाहर निकाला गया और आग से प्रभावित रसोईया को उपचार हेतु नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं ग्रामीणों ने सतर्कता के साथ आग को बुझाया जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड कछौना के प्राथमिक विद्यालय गौहानी में नौनिहालों के लिए रसोईया बुधवार को खाना बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलेंडर के पाइप से गैस निकलने लगी। जिससे रसोई में आग पकड़ ली। इसमें रसोईया पुष्पा झुलस गई। आग लगने की खबर से विद्यालय में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में बच्चों को क्लास रूम से बाहर निकाला गया। प्रधानाध्यापक महिपाल ने नौनिहालों को सुरक्षित विद्यालय से बाहर निकाल दिया। ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड व इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवा को सूचना दी। पीड़ित रसोईया को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में भर्ती कराया गया। जहां पर उसका प्राथमिक उपचार के उपरांत उपचार चल रहा है। वहीं कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड ने स्कूल में पहुंचकर आग पर काबू पाया। थोड़ी सी सजगता से एक बड़ा हादसा होते-होते बचा।

खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस ने बताया कि गैस सिलेंडर के पाइप से आग लगने की वजह सामने आई है। रसोईया के झुलसने की जानकारी प्राप्त हुई है एवं किसी बच्चे अथवा स्टाफ को कोई क्षति नहीं पंहुची है। खाना बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।