अमेरिका देगा यूक्रेन को लंबी मारक क्षमता के रॉकेट, रूस परेशान

in #war2 years ago

_125008484_6bbf19e2-ad45-4e45-9a95-1642f53e99e7.jpg.webpरूस-यूक्रेन युद्ध फ़रवरी के अंतिम सप्ताह में शुरू हुआ और अभी भी जारी है। रूस के ख़िलाफ़ युद्ध में यूक्रेन को अमेरिका समेत यूरोपीय देश समर्थन दे रहे हैं। अमेरिका और यूरोपीय देशों ने यूक्रेन को आर्थिक सहायता तो मुहैया कराई है ही, साथ ही सैन्य-सहायता भी दी है।

इस दौरान इस सप्ताह को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक अहम घोषणा करते हुए कहा कि यूक्रेन को एडवांस रॉकेट आर्टिलरी सिस्टम दिए जाएंगे। अमेरिका ने यूक्रेन को HIMARS यानी M142 हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम देने की बात कही है। ये सिस्टम लंबी दूरी तक हमला करने में सक्षम हैं।

यूक्रेन लंबे समय से लंबी दूरी तक मार कर सकने वाले हथियारों की मांग कर रहा था। एक ओर जहां कीएव लंबे समय से इस घोषणा का इंतज़ार कर रहा था वहीं मॉस्को ने खुले तौर पर इसकी आलोचना की है। हालांकि अमेरिका की ओर से यह फ़ैसला लेने में काफी समय लिया गया।

अमेरिका की ओर से इस घोषणा में कहा गया कि अमेरिका की यह मदद यूक्रेन की सैन्य-स्थिति को मज़बूत करने के लिए है। यूक्रेन को अपने डोनबास क्षेत्र में सैन्य स्थिति को मज़बूत करने की ज़रूरूत थी क्योंकि रूसी मिसाइलों और गोलीबारी से यह इलाक़ा बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अमेरिका, यूक्रेन को जो लंबी दूरी तक हमला करने में सक्षम हथियार दे रहा है, वह HIMARS है। HIMARS यानी हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम। जैसा कि इसके नाम से ही ज़ाहिर है, यह रॉकेट सिस्टम एक साथ मल्टिपल गाइडेड मिसाइल्स को सुनिश्चित तरीक़े से लॉन्च कर सकता है।

हालांकि यूक्रेन को इतने ताक़तवर हथियार मुहैया कराने वाला अमेरिका अकेला देश नहीं है। जर्मनी ने भी यूक्रेन की मदद के लिए अपने अत्याधुनिक सिस्टम देने का फ़ैसला किया है। अमेरिका की यह घोषणा देर से भले हुई है लेकिन यह बेहद महत्वपूर्ण है। ख़ासतौर पर यूक्रेन के प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता के लिहाज़ से यह एक बड़ा क़दम है।

अमेरिका ने यूक्रेन को HIMARS की मदद ऐसे समय में दी है जबकि यूक्रेन डोनबास में एक भीषण हमला झेल रहा है और उसकी शिकायत थी कि उसके पास हथियार की कमी है। जानकार मानते हैं कि HIMARS के युद्ध में शामिल होने से हालात बदल सकते हैं।