रोहतक 16716 वोटर करेंगे महम नगर पालिका के प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला

in #politics2 years ago

महम नगरपालिका चुनाव में बीसी वर्ग के लिए आरक्षित वार्ड खत्म, एससी समुदाय की महिला बनेगी प्रधान, 16716 महिला व पुरुष डालेंगे वोट

VideoCapture_20220527-133139.jpg

चुनाव आयोग द्वारा नगर पालिका व नगर परिषदों के चुनाव की घोषणा की जा चुकी। घोषणा होने के बाद चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी सक्रिय हो गए हैं। महम में इस बार नगर पालिका प्रधान की कुर्सी पर एससी समुदाय की महिला विराजमान होगी। प्रदेश में पहली बार प्रधान पद के लिए सीधे मतदाताओं द्वारा वोट डाले जाएंगे। इससे पहले चुनाव लड़कर जीतने वाले पार्षद बहुमत से नगर पालिका प्रधान को चुनते आए हैं। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। महम में स्थित 15 वार्डों के 16716 महिला व पुरुष सीधे अपने मत का प्रयोग कर महिला प्रधान को चुनेंगे। इसके अलावा वे अपने अपने वार्ड का पार्षद भी चुनेंगे। मतदान ईवीएम मशीन से होगा। मतदाता प्रधान व पार्षद के लिए अलग-अलग वोट डालेंगे।

ये है वार्डों की स्थिति

नगर पालिका की सूची अनुसार वार्ड नंबर 1, 2, 6, 7, 8, 11,12 व 14 जनरल कैटेगरी के लिए रहेंगे। जबकि वार्ड 3, 4, 13 व 15 महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। इन महिला व पुरुषों के वार्ड में किसी भी जाति से संबंध रखने वाले महिला व पुरुष दोनों पार्षद का चुनाव लड़ सकते हैं। वार्ड नंबर 5 व 10 एससी समुदाय के लिए आरक्षित किया गया है जबकि वार्ड नंबर 9 एससी महिला के लिए आरक्षित है। कुछ महीनों पहले बैकवर्ड क्लास के लिए वार्ड 2 व 8 को आरक्षित किया गया था। लेकिन दोबारा जारी किए गए नए शेड्यूल में इन दोनों वार्डों को जनरल कैटेगरी में तब्दील कर दिया गया। नगर पालिका द्वारा जारी की गई सूची अनुसार वार्ड नंबर 1 में 1335, वार्ड दो में 1384, वार्ड तीन में 936, वार्ड चार में 1051, वार्ड पांच में 838, वार्ड 6 में 993, वार्ड सात में 1398, वार्ड आठ में 1163, वार्ड 9 में 1086, वार्ड 10 में 985, वार्ड 11 में 1180, वार्ड 12 में 1290, वार्ड 13 में 1159, वार्ड 14 में 924 तथा वार्ड 15 में 994 महिला व पुरुष निश्चित दिन अपने अपने मतों का प्रयोग कर महम शहर की सरकार चलाने वालों को चुनेंगे।

अभी तक ये रहे प्रधान

महम नगर पालिका में सबसे पहले 13 अक्टूबर 1987 को लालजी राम प्रधान बने थे। उसके बाद बलदेव राज सचदेवा, सीताराम सैनी (कार्यवाहक प्रधान), अनिल कुमार दुआ (लगातार दो बार), श्रीमती कमलेश रानी, अनिल कुमार दुआ (कार्यवाहक प्रधान ), कमलेश रानी, पिंकी गुप्ता, ओम सिंह काला (कार्यवाहक प्रधान), शांति देवी ढाका, प्रकाशो देवी, नवीन गोयल (कार्यवाहक प्रधान), जगबीर बहमणी, फतेह सिंह पंवार, शैंकी गिरधर (कार्यवाहक प्रधान) सहित निवर्तमान प्रधान फतेह सिंह कुर्सी पर विराजमान हो चुके हैं।

ये थे मौजूदा कार्यकाल में पार्षद

महम नगर पालिका के अंदर मौजूदा समय में 17 पार्षद शहरवासियों के लिए विकास व नागरिकों को सुविधाएं प्रदान करने के फैसले ले रहे थे। इनमें वेद प्रकाश धवन व सुशील गुप्ता सरकार द्वारा मनोनीत किए गए पार्षद थे। फतेह सिंह पवार को सर्वसम्मति से प्रधान बनाया गया था, जबकि शैंकी गिरधर उप प्रधान चुने गए थे। इसके अलावा बबीता यादव, मुकेश कुमार सैनी, रमेश कुमार दहिया, विनोद नहरा, अनिल कुमार चावरिया, सरोज गिरधर, मधु सैनी, संतोष बहमनी, सुनीता खुराना, संगीता अग्रवाल, बंटी सिहंमार, धर्मवीर घणघस, मनोज कुमार तागरा पार्षद चुने गए थे।