कासगंज-ट्रैक्टर की भिड़ंत में टेंपो मालिक की मौत, हेल्पर घायल।

in #accident2 years ago

कासगंज। अमापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला चिंति के निकट छोटा हाथी एवं ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। जिसमें टेंपो के मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया है। शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेजा है। ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में है। चालक फरार हो गया है।
पड़ोसी जनपद एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव मिलावली निवासी सनी पुत्र ओम प्रकाश दिल्ली में रहकर टेंपो चलाता है। वह सोमवार को अपने हेल्पर दिल्ली के नागलोई क्षेत्र निवासी कमल पुत्र राकेश के साथ भाड़ा लेकर अमापुर आया था। देर रात करीब 11 बजे यहां से वापस कासगंज होते हुए दिल्ली जा रहा था। उसका टेंपो जैसे ही नगला चिंति के निकट पहुंचा तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर से टेंपो की भिड़ंत हुई। जिसमें सनी की मौके पर मौत हो गई। जबकि कमल गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया औऱ शव का पंचनामा भर कर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है। अमापुर के थाना प्रभारी राम सिया मौर्य ने बताया है कि घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। जबकि उसका चालक फरार है।