उमस भरी गर्मी से फिलहाल राहत नहीं, 11 जून के बाद बारिश का अनुमान; जानिए कब आएगा 'असली' मानसून

in #monsoon2 years ago

हाल ही में हल्की बारिश के बाद उत्तर भारत में एक बार फिर से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। बढ़ती उमस और ज्यादा तापमान पिछले कुछ दिनों से राजधानी में एक बेहद असहज वातावरण की स्थिति बना रहा है। हालांकि भारत के मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को कहा कि 11 जून तक उमस भरी मौसम की स्थिति जारी रहेगी।

11 जून के बाद मिलेगी गर्मी से राहत

मौसम विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को अब 11 जून के बाद जब ओडिशा से मानसून आएगा तब राहत मिलेगी। तब तक, कभी-कभी नॉरवेस्टर-प्रेरित बारिश में बहुत राहत नहीं मिलेगी। इससे पहले दक्षिण-पश्चिम मानसून अपने निर्धारित समय एक जून से तीन दिन पहले रविवार को केरल पहुंच गया और इसी के साथ भारत की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण वर्षा ऋतु की शुरुआत हो गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि केरल में शनिवार से ही वर्षा हो रही है और राज्य में 14 में से 10 मौसम निगरानी केंद्रों में 2.5 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गयी है जो मानसून के आगमन के मापदंड को पूरा करता है।

आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र में मौसम वैज्ञानिक उमा शंकर डैश ने कहा, "जैसे-जैसे आर्द्रता का स्तर 50% से ऊपर हुआ है, ऐसा लगता है कि बाहरी तापमान 48 डिग्री सेल्सियस है जबकि वास्तविक तापमान 37-38 डिग्री होता है। हालांकि अगले कुछ दिनों में गरज की गतिविधियों की संभावना है, लेकिन यह गर्मी और आर्द्र परिस्थितियों से बहुत राहत नहीं देगा।"

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए सामान्य है, जबकि न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सोमवार को मौसम खुशनुमा रहने की संभावना है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शहर में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना है।’’ शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 28 डिग्री से. के आसपास रहने का अनुमान है। इस बीच, हवा में आर्द्रता का स्तर 61 प्रतिशत से 49 प्रतिशत के बीच रहा।

प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान बंगाल, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और लक्षद्वीप क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा बिहार, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक और पश्चिमी हिमालय की तलहटी में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। मौसम एजेंसी का कहना है कि उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश का असली दौर मानसून के आगमन के बाद शुरू होगा। इसने कहा कि मानसून का आगमन 13 से 15 जून के बीच निर्धारित है।