निषाद जयंती पर नगर पालिका अध्यक्ष मधुर मिश्रा का बड़ा ऐलान

in #stories2 years ago

IMG-20220405-WA0207.jpg
हरदोई। महर्षि कश्यप व श्रृंगवेरपुर महाराजा गुहाराज निषाद जी के जयंती के अवसर पर नगर के सुप्रसिद्ध श्री चंद्र बारात घर में एक भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। जयंती समारोह को महर्षि कश्यप जनकल्याण समिति के बैनर तले आयोजित किया गया। जयंती समारोह के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर व विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिले के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ अरुण मौर्या ने भाग लिया। जयंती समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर ने महर्षि कश्यप जी व महाराजा निषादराज जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान जब लोगों ने प्रभु श्रीराम व निषादराज जी की गले मिलते हुए मूर्ति लगाए जाने की मांग की तो नगरपालिका अध्यक्ष मधुर मिश्र ने कहां कि उनके नगर पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान अगर प्रभु श्रीराम व निषादराज जी की मूर्ति लगती है तो यह उनके लिए सौभाग्य की बात होगी और वह अपने कार्यकाल के दौरान नगर के किसी चौराहे पर प्रभु श्री राम और निषादराज जी की गले मिलते हुए प्रतिमा को लगवाने का काम करेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर ने इसके लिए नगर पालिका सभासद ललित कश्यप को प्रस्ताव देने के लिए तत्काल निर्देशित किया। नगर पालिका अध्यक्ष के द्वारा नगर के किसी चौराहे पर प्रभु श्री राम और निषादराज जी की गले मिलते हुए प्रतिमा लगाए जाने का एलान करते ही पूरा हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और सभी ने नगर पालिका अध्यक्ष को इस कार्य के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ अरुण मौर्या ने कहा कि महर्षि कश्यप और निषाद राज दोनों व्यक्तित्वों के बारे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जानना चाहिए। श्री मौर्या ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा पर जोर देकर एकता का पाठ पढ़ना चाहिए तभी किसी समाज का सामाजिक व आर्थिक उत्थान हो सकता है।
इस दौरान मंच पर संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट राजीव कश्यप, निषाद पार्टी नेता संजय कश्यप, मनोज कश्यप, नोनखारा प्रधान रामासरे कश्यप सहित तमाम लोग मौजूद रहे। मंच का संचालन राम नरेश कश्यप व अध्यक्षता वंशीलाल कश्यप के द्वारा की गई। कार्यक्रम का आयोजन सभासद ललित कश्यप के द्वारा किया गया। कार्यक्रम को प्रमुख रूप से अजीत विशाल, सभासद विमल श्रीवास्तव, राजेश कश्यप, मनोज कश्यप, संजय कश्यप, ललित कश्यप सहित तमाम लोगों के द्वारा संबोधित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।