पुलिस द्वारा कांग्रेस मुख्यालय में लाठीचार्ज के खिलाफ कांग्रेस ने राज निवास का घेराव किया

in #delhi2 years ago

IMG-20220616-WA0050.jpg

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार के नेतृत्व में आज केन्द्र सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करने के खिलाफ हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज निवास का घेराव किया। सत्याग्रह की लड़ाई लड़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की बर्बरता चौथे दिन भी जारी रही जिसमें पुलिस ने मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर केनन चलाकर प्रहार किया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार के सर पर गहरी चोट आई और उनका कंधा टूट गया है, मौके पर वे कुछ समय के लिए वे बेहाश भी हो गए थे। चौ. अनिल कुमार आईसीयू में भर्ती है। दिल्ली पुलिस किसके इशारे पर जानलेवा हमला कर रही है?
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि मोदी सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा की जा रही दमनकारी कार्यवाही से कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नही है और तानाशाही सरकार के खिलाफ सत्य और न्याय की लड़ाई के लिए सत्याग्रह जारी रहेगा। पुलिस द्वारा कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर लाठीचार्ज के खिलाफ माननीय उपराज्यपाल कार्यालय में एक ज्ञापन भी दिया गया।
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा के इशारे पर प्रवर्तन निदेशालय लगातार पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी से बिना सबूत, बिना तथ्यों के निराधार और मनगढ़ंत आरोपों के चलते नेशनल हेराल्ड मामले में राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित होकर की जा रही पेशी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सत्याग्रह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 4 दिनों से केन्द्र सरकार द्वारा कांग्रेस मुख्यालय में पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के प्रवेश पर प्रतिबंद्ध लगाना और मुख्यालय को छावनी में तबदील करना तानाशाही की मिसाल है।
शक्तिसिन्ह गोहिल ने कहा कि देश की ऐतिहासिक सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के कार्यालय में 15 जून, 2022 को दिल्ली पुलिस के द्वारा बिना इजाजत और बिना किसी वारंट के घुसकर मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज बेरहमी से पीटना लोकतंत्र का गला घोटने के समान है। उन्होंने कहा कि सत्य की इस लड़ाई के लिए सत्याग्रह, शांतिपूर्ण प्रदर्शन और एकजुटता को कुचलने के लिए मोदी सरकार क्रूरतापूर्वक जिस तरह बल का प्रयोग कर रही है, उसे कांग्रेस कार्यकर्ता बर्दाश्त नही करेगा और हमारा विरोध जारी रहेगा।
शक्तिसिन्ह गोहिल ने कहा कि मोदी की तानाशाही पुलिस की गुंडागर्दी का कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध जारी रखेगा। पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट पूरी अमानवीय और अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गोलियों, पानी की बौछारों से डरने वाला नही है।
गोहिल ने कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि राहुल गांधी जी की ई.डी. में पेशी से पूर्व ही गृह मंत्रालय के आदेश पर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय और ई.डी. आफिस के इर्द-गिर्द रातों रात धारा 144 लगाकर आपालकाल घोषित कर दिया और गैर कानूनी तरीके से चारो ओर बेरिकेट लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जबरन मारपीट करके हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की दमनकारी व्यवहार से पिछले 4 दिनों में सैंकड़ो कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता जख्मी भी हुए। यहां तक कि दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को हाउस अरेस्ट भी किया। जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी जी के साथ कांग्रेस मुख्यालय से ई.डी. कार्यालय तक शांतिपूर्ण तरीके से जाना चाहते थे।
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि 15 जून को कांग्रेस मुख्यालय में गैर कानूनी रुप से घुसकर कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं के साथ मारपीट करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच हो तथा कांग्रेस मुख्यालय के अंदर घुसने की इजाजत किसने दी इसकी भी जांच हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दफ्तर में घुसने का आदेश देने में संलिप्त पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त करके उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने की भी मांग की।