दिल्ली में शुरू हुआ निगम का नया दौर

in #delhi2 years ago

दिल्ली नगर निगम के एकीकृत मुख्यालय सिविक सेंटर में रविवार को निगम के विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार और निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती ने औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। अब उनके सामने बड़ी चुनौती राजस्व बढ़ाने की होगी। मौजूदा समय में दिल्ली में नगर निगम भंग है, महज विशेष अधिकारी और आयुक्त की ही नियुक्ति हुई है। ऐसे में विशेष अधिकारी की नियुक्ति के बाद सबसे पहला काम विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों की नियुक्ति का होगा।
special_officers_1653268962.jpg

निगम का एस्टेब्लिशमेंट शेडयूल बनाया जाएगा, जिसमें विभागों के अध्यक्ष व अन्य कर्मियों को अधिसूचित किया जाएगा। साथ ही तीनों निगम का मुख्यालय क्या होगा, यह भी अधिसूचित किया जाना है। कौन सा विभाग कहां होगा, अधिकारी कहां बैठेंगे, इसे भी अधिसूचित किया जाएगा। निगम के अधिकारियों ने बताया कि पहले अस्थायी तौर पर भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों की नियुक्ति की जा सकती है। फिर धीरे-धीरे इसे स्थायी किया जाएगा। विशेष अधिकारी की मंजूरी से आयुक्त प्रमुख अभियंता, निगम सचिव, जनस्वास्थ्य अधिकारी की नियुक्ति की जा सकती है।
विशेष अधिकारी अश्विनी कुमार और निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती द्वारा पदभार संभालने के बाद निगम के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से उनका परिचय कराया। अधिकारियों ने विशेष अधिकारी को निगम की कार्य प्रणाली का संक्षिप्त विवरण भी दिया। इसके अतिरिक्त उन्हें नगर निगमों की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ चुनौतियों से भी अवगत कराया। इस अवसर पर निगम के विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।